Yuki Bhambri Win : मेंस डबल्स के दूसरे राउंड में युकी भांबरी की जीत, श्रीराम बालाजी ने किया निराश

भांबरी और गोरैनसन ने मेक्सिको-नीदरलैंड जोड़ी को हराया
ऑस्ट्रेलियन ओपन: मेंस डबल्स के दूसरे राउंड में युकी भांबरी की जीत, श्रीराम बालाजी ने किया निराश

मेलबर्न: भारत के युकी भांबरी और उनके स्वीडिश पार्टनर आंद्रे गोरैनसन ने ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 के मेंस डबल्स के दूसरे राउंड में जीत दर्ज की। इस जोड़ी ने शनिवार को मेक्सिको के सैंटियागो गोंजालेज और नीदरलैंड के डेविड पेल को 4-6, 7-6(5), 6-3 से शिकस्त दी।

दूसरी ओर,भारत के स्टार खिलाड़ी श्रीराम बालाजी और उनके जोड़ीदार प्रतियोगिता से बाहर हो गए। भांबरी अब ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 में बचे एकमात्र भारतीय टेनिस खिलाड़ी हैं।

भारत के टॉप रैंक वाले मेंस डबल्स खिलाड़ी भांबरी और 10वीं सीड गोरैनसन ने धीमी शुरुआत की और तीसरे गेम में भांबरी की सर्विस टूटने के बाद पहला सेट गंवा दिया।

जब दूसरा सेट 2-2 से बराबरी पर था, तब ऑस्ट्रेलियन ओपन की अत्यधिक गर्मी की पॉलिसी के कारण मैच रोकना पड़ा। हालांकि, मेंस डबल्स एटीपी रैंकिंग में 22वें स्थान पर मौजूद भांबरी और गोरैनसन ने शानदार वापसी की और पूरे मैच में लगातार अपनी सर्विस बचाई।

दूसरे सेट के टाई-ब्रेक में कड़ी टक्कर के बाद, भांबरी और गोरैनसन ने निर्णायक सेट में कंट्रोल बनाया और अपने विरोधियों की सर्विस दो बार तोड़कर मैच जीत लिया।

इस जीत के साथ, सिंगल्स में पूर्व जूनियर ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन भांबरी साल 2014 के बाद पहली बार पुरुष डबल्स के तीसरे राउंड में पहुंचे हैं। उस समय उन्होंने न्यूजीलैंड के माइकल वीनस के साथ जोड़ी बनाई थी। पिछले साल यूएस ओपन में उनका ग्रैंड स्लैम का सबसे अच्छा प्रदर्शन था, जहां उन्होंने माइकल वीनस के साथ मिलकर सेमीफाइनल तक का सफर तय किया।

इससे पहले, ओलंपियन बालाजी और उनके ऑस्ट्रियाई पार्टनर नील ओबरलीटनेर का मेंस डबल्स में सफर खत्म हो गया। इस जोड़ी को दूसरे राउंड में चौथी सीड अल सल्वाडोर के मार्सेलो अरेवालो और क्रोएशिया के मेट पाविक ​​के हाथों 7-5, 6-1 से शिकस्त झेलनी पड़ी।

बालाजी और ओबरलीट्नर लेट अल्टरनेट के तौर पर मेन ड्रॉ में शामिल हुए थे और उन्होंने पहले राउंड में एक बड़ा उलटफेर करते हुए पूर्व ग्रैंड स्लैम चैंपियन फ्रांस के पियरे-ह्यूग्स हर्बर्ट और ऑस्ट्रेलिया के जॉर्डन थॉम्पसन को हराया।

--आईएएनएस

 

 

Related posts

Loading...

More from author

Loading...