क्वेटा, 23 अगस्त (आईएएनएस)। पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिम बलूचिस्तान प्रांत में सुरक्षा वाहनों पर सड़क किनारे सुरक्षा काफिले पर बम से हमले की घटना सामने आई। पुलिस की ओर से साझा जानकारी के अनुसार, इस हमले में एक सुरक्षा अधिकारी की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह धमाका शनिवार को मस्तुंग जिले के खद कोचा इलाके में क्वेटा-कराची राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। सड़क के पास लगाया गया एक विस्फोटक उपकरण सुरक्षा काफिले के गुजरने के दौरान फट गया।
पुलिस के बयान के अनुसार, विस्फोट में एक वाहन को नुकसान पहुंचा, जबकि अन्य वाहन सुरक्षित रहे। बयान में कहा गया है कि विस्फोट के बाद गोलीबारी भी हुई, लेकिन अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों के मौके पर पहुंचने से पहले ही हमलावर भाग गए।
न्यूज एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, मृतक सुरक्षाकर्मी के शव और घायलों को नजदीकी अस्पताल में ले जाया गया। अधिकारियों ने अस्थायी रूप से राजमार्ग को बंद कर हमले में शामिल लोगों का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया।
यह घटना बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना पर बलूच सशस्त्र समूहों द्वारा बार-बार किए जा रहे हमलों के तुरंत बाद हुई है। हाल ही में बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने घोषणा की थी कि उसके लड़ाकों ने एक ऑपरेशन के दौरान बलूचिस्तान के पिशिन जिले के सरनान शहर पर पूर्ण नियंत्रण कर लिया है, जिसमें एक पुलिस स्टेशन को उड़ा दिया गया था।
एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सरकारी कार्यालयों में भी आग लगा दी गई और कई पुलिसकर्मियों को कुछ समय के लिए हिरासत में रखा गया।
सूत्रों के हवाले से द बलूचिस्तान पोस्ट ने बताया कि गुरुवार को हुए हमले के दौरान बीएलए लड़ाकों ने पुलिस स्टेशन से हथियार और गोला-बारूद जब्त कर लिए और फिर इमारत को विस्फोटकों से उड़ा दिया। उन्होंने राष्ट्रीय डेटाबेस और पंजीकरण प्राधिकरण (नाड्रा) कार्यालय सहित कई सरकारी कार्यालयों में आग भी लगा दी।
ऑपरेशन के बाद जारी एक बयान में बीएलए के प्रवक्ता जीयांद बलूच ने कहा, "आज बलूच लिबरेशन आर्मी ने पिशिन में सरनान शहर पर पूर्ण नियंत्रण प्राप्त कर लिया, पुलिस स्टेशन, नाड्रा कार्यालय और अन्य सरकारी इमारतों को अपने कब्जे में ले लिया। ऑपरेशन के दौरान कई पुलिस कर्मियों को हिरासत में लिया गया और बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया। पुलिस स्टेशन से बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद जब्त करने के बाद इमारत को विस्फोट में नष्ट कर दिया गया। बलूच लिबरेशन आर्मी इस ऑपरेशन की जिम्मेदारी लेती है।"
--आईएएनएस
केके/डीकेपी







