'शीश महल' का दौरा करेगी दिल्ली विधानसभा की पीएसी, केजरीवाल आवास पर हुए खर्च की होगी जांच

'शीश महल' का दौरा करेगी दिल्ली विधानसभा की पीएसी, केजरीवाल आवास पर हुए खर्च की होगी जांच

नई दिल्ली, 13 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली विधानसभा की लोक लेखा समिति (पीएसी) सोमवार को उत्तर दिल्ली स्थित पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आधिकारिक आवास, जिसे भाजपा ने "शीश महल" नाम दिया है, का दौरा कर सकती है। इस दौरे का उद्देश्य पिछली आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के कार्यकाल में कथित तौर पर हुए खर्च का आकलन करना है।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता और पीएसी के अध्यक्ष अजय महावर सिविल लाइंस स्थित 6, फ्लैगस्टाफ रोड के इस बंगले का दौरा कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि वे कैमरों के साथ वहां जाकर अपने निरीक्षण और टिप्पणियों को रिकॉर्ड करेंगे।

यह बंगला वर्ष 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा का एक प्रमुख चुनावी मुद्दा रहा था, जिसे अब खाली कर दिया गया है। भाजपा ने आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री आवास के नवीनीकरण पर अनावश्यक और अत्यधिक खर्च किया गया।

दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर लगातार अरविंद केजरीवाल पर सरकारी नियमों का उल्लंघन कर आधिकारिक आवास के नवीनीकरण और फिजूलखर्ची करने का आरोप लगाते रहे हैं।

विपक्ष की नेता आतिशी द्वारा फिजूलखर्ची के आरोपों को बेबुनियाद बताए जाने पर कपूर ने हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने सवाल उठाया था कि 6, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित बंगले का निर्माण दिल्ली शहरी कला आयोग (डीयूएसी) और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) से आवश्यक मंजूरी लिए बिना क्यों कराया गया।

उन्होंने यह भी सवाल किया था कि पूरे प्रोजेक्ट का बजट मंजूर कराने के बजाय इसे छोटे-छोटे मरम्मत संबंधी टेंडरों के आधार पर क्यों तैयार किया गया। साथ ही उन्होंने पूछा कि यदि यह मुख्यमंत्री आवास के रूप में तैयार किया गया था, तो इसे आधिकारिक तौर पर दिल्ली के मुख्यमंत्री का स्थायी आवास घोषित क्यों नहीं किया गया।

इस वर्ष जुलाई में दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश वर्मा ने घोषणा की थी कि फिलहाल सील किए गए इस बंगले को राज्य अतिथि गृह (स्टेट गेस्ट हाउस) में बदला जाएगा।

प्रवेश वर्मा पहले भी इस मुद्दे को लेकर अरविंद केजरीवाल पर निशाना साध चुके हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए केजरीवाल की तुलना एक फिल्मी किरदार से की थी। इसके अलावा उन्होंने "धुरंधर पार्ट-3" नामक एक व्यंग्यात्मक वीडियो भी साझा किया था।

उस वीडियो में तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आधिकारिक आवास में उपलब्ध कराई गई कथित आलीशान सुविधाओं को दिखाया गया था।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी