नई दिल्ली, 12 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के वसंत कुंज स्थित 'द ग्रैंड' होटल में संदिग्ध हालात में एक मेहमान की मौत हो गई। पुलिस ने मौत की वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, वसंत कुंज नॉर्थ पुलिस स्टेशन को शुक्रवार को एक पीसीआर कॉल मिली, जिसमें नई दिल्ली के वसंत कुंज में स्थित होटल 'द ग्रैंड' में ठहरे एक गेस्ट की तबीयत खराब होने की सूचना दी गई थी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जहां वह व्यक्ति बेहोश और कोई प्रतिक्रिया न देने की हालत में मिला।
पुलिस टीम द्वारा उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक जांच करने के बाद मृत घोषित कर दिया। इसके बाद, क्राइम टीम को मौके पर बुलाया गया।
मामले की जांच में पाया गया कि मृतक एक एयरलाइन में कैप्टन के तौर पर काम करता था और गुरुवार को उसने होटल में चेक-इन किया था।
वहीं, शुक्रवार की शाम को मृतक के भाई ने होटल मैनेजर से संपर्क किया और बताया कि उसका भाई उसकी कॉल का जवाब नहीं दे रहा है। इसके बाद होटल मैनेजर उस कमरे में गया, जहां गेस्ट ठहरा हुआ था और पाया कि कमरा अंदर से बंद था।
फिर होटल की मास्टर-की की मदद से कमरा खोला गया, जिसके बाद मृतक बेहोश और कोई प्रतिक्रिया न देने की हालत में मिला।
शनिवार को सफदरजंग अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का पता चलेगा। वहीं, पुलिस की ओर से इस मामले से संबंधित जांच शुरू कर दी गई है और बीएनएसएस की धारा 194 के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।