Advertisement banner

सरकार जेनजी की आवाज और छात्र आंदोलन से भयभीत: कांग्रेस नेता नाना पटोले

सरकार

नागपुर, 21 अगस्‍त (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता नाना पटोले ने राहुल गांधी के राजनीतिक कार्यक्रमों, पुणे के कार्यक्रम और पंजाब में पार्टी की एकता की कोशिशों और वंदे मातरम पर चल रहे विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की। उन्‍होंने कहा कि भाजपा और मोदी सरकार जेनजी की आवाज और छात्र आंदोलन से भयभीत है।

पुणे में राहुल गांधी के प्रस्‍तावित 22 अगस्‍त को 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को लेकर महाराष्‍ट्र के सीएम ने कहा है कि कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं के बच्‍चों को प्रवेश दिया जा रहा है।

इस पर कांग्रेस नेता नाना पटोले ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, "मुझे लगता है कि देवेंद्र फडणवीस असल में राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में मदद कर रहे हैं, जो कल पुणे में होने वाला है। उन्हें लगता है कि वहां सिर्फ कांग्रेस की विचारधारा वाले स्कूलों और कॉलेजों के छात्र ही आएंगे, लेकिन वे गलतफहमी में हैं। वहां मैदान की क्षमता से दस गुना ज्यादा छात्र आने वाले हैं। अभी छात्रों में राहुल गांधी के प्रति बहुत आकर्षण है, और बड़ी संख्या में लोग छात्रों के बारे में राहुल गांधी के विचार सुनने आएंगे। ऐसा कहकर देवेंद्र फडणवीस एक तरह से राहुल गांधी की मदद ही कर रहे हैं।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के संसद मार्ग पुलिस स्टेशन पर किए गए विरोध प्रदर्शन पर कांग्रेस नेता नाना पटोले ने कहा, "जिस तरह से देश के भविष्य, यानी मासूम बच्चों पर पैलेट गन चलाई गईं, उसके लिए जो भी जिम्मेदार हो - चाहे कोई अधिकारी हो या केंद्रीय गृह मंत्री - उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज होनी चाहिए। उनकी मांग सही है। और अगर लोकसभा में विपक्ष के नेता को एफआईआर दर्ज कराने की मांग के लिए विरोध प्रदर्शन करना पड़े और सरकार ऐसा न करे, तो यह देश के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।"

राजस्‍थान में स्‍कूल निरीक्षण के लिए गए कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के लोगों पर हमले को लेकर कांग्रेस नेता ने कहा कि जेनजी का आंदोलन और सीजेपी की उत्‍पत्ति जज की टिप्‍पणी की वजह से हुई है। प्रधानमंत्री मोदी के दिमागी नक्‍सल वाले बयान से दूसरी पार्टी खड़ी हो रही है। इनका बदनाम करने के लिए लोग इस प्रकार से हमले कर सकते हैं।

उन्‍होंने कहा कि भाजपा और मोदी सरकार जेनजी की आवाज और छात्र आंदोलन से भयभीत हैं, इस वजह से भी सीजेपी पर हमले हो सकते हैं।

वंदे मातरम विवाद की बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस देश विरोधी है। इस पर प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए नाना पटोले ने कहा कि राष्‍ट्रगीत का विरोध आरएसएस और भाजपा करती थी। देश के राष्‍ट्रीय ध्‍वज तिरंगे का विरोध लंबे समय तक किया गया। उसी पार्टी के अमित शाह कांग्रेस को देश प्रेम सिखा रहे हैं।

पंजाब में कांग्रेस पार्टी की एकता की कोशिशों को लेकर राहुल गांधी बस यात्रा निकालने तैयारियों को लेकर नाना पटोले ने कहा कि वहां पार्टी में एकजुटता है। उन्‍होंने कहा कि उस प्रदेश को उड़ता पंजाब बनाने का काम हुआ है। आप सरकार की हालत खराब चल रही है। मेरा मानना है कि पंजाब हमारे देश की बड़ी ताकत है। यह बस यात्रा पूरे पंजाब को एकजुट कर प्रदेश को बचाने के लिए राहुल गांधी निकाल रहे हैं।

पुणे में राहुल गांधी के प्रस्‍तावित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में वंदे मातरम के पूरे गायन के सवाल पर कांग्रेस नेता ने कहा कि राष्‍ट्रगीत के मामले में भाजपा राजनीति करना चाहती है, हमें इसमें नहीं फंसना है, क्‍योंकि हमारे सामने कई अहम मुद्दे हैं। भाजपा राष्‍ट्रगीत को मुद्दा बनाकर देश को मूल दिशा से हटाने की कोशिश कर रही है।

--आईएएनएस

एएसएच/एमएस