मध्य प्रदेश: खुरई में नरेंद्र सिंह तोमर का विपक्ष पर निशाना, बोले- भारत की ताकत से कुछ लोग परेशान हैं

मध्य प्रदेश: खुरई में नरेंद्र सिंह तोमर का विपक्ष पर निशाना, बोले- भारत की ताकत से कुछ लोग परेशान हैं

सागर, 12 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने बगैर किसी का नाम लिए कहा कि हिंदुस्तान की बढ़ती ताकत देख कर देश के अंदर कुछ लोग हैं जिनके पेट में दर्द हो रहा है। देश के बाहर भी कुछ लोग हैं जिनके पेट में दर्द हो रहा है।

सागर जिले के खुरई में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा का अनावरण एवं 21.11 करोड़ की लागत वाले निर्माण और विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमि पूजन करते हुए विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने कहा कि आज देश में सरकार जिस रास्ते पर जा रही है वह रास्ता भारत को आगे बढ़ाने और मजबूत करने वाला है।

उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि जनता ने हमको सरकार चलाने की जिम्मेदार नहीं दी है। जनता ने हमें देश को बदलने के लिए सरकार दी है। आज ब्रिक्स समिट दिल्ली में हो रही है। दुनिया के सारे नेता हिंदुस्तान में आए हुए हैं। हिंदुस्तान की बढ़ती ताकत देख कर देश के अंदर कुछ लोग हैं जिनके पेट में दर्द हो रहा है। देश के बाहर भी कुछ लोग हैं जिनके पेट में दर्द हो रहा है।

विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने श्री गुरु तेग बहादुर साहिब तिराहे का लोकार्पण करते हुए श्री गुरु तेग बहादुर साहिब के त्याग, बलिदान और मानवता के प्रति समर्पण को स्मरण किया।

खुरई के नवीन नगर पालिका भवन का नामकरण डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर किया गया है। इसी भवन के प्रांगण में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा स्थापित की गई है।

तोमर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को याद करते हुए कहा कि भारत की जनता की यह जिम्मेदारी है कि देश आज उस मुकाम पर खड़ा हैं हम जो सपना देखेंगे उसे पूरा करने का सामर्थ्य भारत रखता है। हम सबको कदम से कदम मिलाना चाहिए, कंधे से कंधे से कंधा मिलाना चाहिए। हम खुरई को भी विकसित करें, सागर को भी विकसित करें। हिंदुस्तान को विश्व गुरु के पद पर अधिष्ठित करने की यात्रा में अपना योगदान दें।

--आईएएनएस

एसएनपी/एएसएच