नई दिल्ली: लोकसभा से 8 सांसदों के निलंबन पर समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन ने कहा कि सत्ता पक्ष नहीं चाहता कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बोले। दो दिनों से हम देख रहे हैं कि उन्हें बीच में ही रोक दिया जाता है।
नई दिल्ली में सपा सांसद इकरा हसन ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि ऐसा लगता है कि नियम और कानून सिर्फ विपक्ष पर लागू होते हैं। जब सत्ताधारी पार्टी के सदस्य गैर-जिम्मेदाराना बयान देते हैं और विवादित शब्दों का इस्तेमाल करते हैं, तो हमने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई होते नहीं देखी। न तो कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की गई और न ही किसी सांसद को निलंबित किया गया। पिछले दो दिनों से लगातार नेता प्रतिपक्ष की स्पीच में दखल दिया जा रहा है, सदन को बार-बार स्थगित किया जा रहा है। क्या यह लोकतंत्र है? वे किसी को बोलने नहीं देना चाहते, बल्कि अपनी शर्तों पर ही बोलने का अधिकार देना चाहते हैं।






