कोलकाता में सीईएससी डिस्ट्रीब्यूशन ऑफिस में भीषण आग, फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर

कोलकाता में सीईएससी डिस्ट्रीब्यूशन ऑफिस में भीषण आग, फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर

कोलकाता, 13 सितंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के पानीहाटी में रविवार को प्राइवेट बिजली बनाने और सप्लाई करने वाली कंपनी, सीईएससी लिमिटेड के डिस्ट्रीब्यूशन ऑफिस में भीषण आग लग गई। खबर लिखे जाने तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

आग बहुत भीषण थी। आग फैलने लगी थी और आस-पास के इलाकों में बनी कुछ झुग्गियां भी इसकी चपेट में आ गईं। आग इतनी भीषण थी कि स्थानीय लोगों की आग बुझाने की शुरुआती कोशिशें पूरी तरह नाकाम रहीं।

राज्य अग्निशमन विभाग को तुरंत सूचना दी गई और शुरुआत में चार दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर आग बुझाने का काम शुरू किया। कुछ देर बाद, पांच और दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के काम में शामिल हो गईं। अब तक कुल नौ दमकल गाड़ियां आग बुझाने के काम में लगी हुई हैं।

मौके पर मौजूद राज्य अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने कहा, "आग बहुत भीषण है। इसलिए, हमने और दमकल गाड़ियों की मांग की है। उनके जल्द पहुंचने की उम्मीद है। अभी हमारी कोशिश है कि आग को उसी इमारत तक सीमित रखा जाए और इसे आस-पास की झुग्गियों और इमारतों तक फैलने से रोका जाए।"

इस इमारत के पीछे एक रिहायशी इलाका है। मकलकर्मी इस बात पर नजर रखे हुए हैं कि आग वहां न फैले। राज्य अग्निशमन विभाग ने झुग्गी-बस्ती में रहने वाले लोगों को इस बारे में आगाह कर दिया है।

पानी के अलावा, दमकलकर्मी आग बुझाने के लिए फोम का भी इस्तेमाल कर रहे हैं। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को उम्मीद है कि वे जल्द ही आग पर काबू पा लेंगे।

दूसरी ओर, चूंकि यह इमारत व्यस्त बैरकपुर ट्रंक रोड (बीटी रोड) पर स्थित है, इसलिए रविवार दोपहर आग लगने के कारण ट्रैफिक बाधित हुआ।

पुलिस भी इलाके की स्थिति पर नजर रखे हुए है। अभी यह साफ नहीं है कि आग कैसे लगी। हालांकि, अग्निशमन विभाग का शुरुआती अनुमान है कि सीईएससी इमारत में लगाया गया ट्रांसफॉर्मर किसी तरह फट गया, जिससे आग लग गई।

--आईएएनएस

एससीएच/पीएम