देहरादून: जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों के क्रम में अपर जिलाधिकारी (प्रशा) जय भारत सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार में जनता दरबार आयोजित किया गया। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 119 लोगों ने अपनी शिकायत एवं समस्याएं रखी। जिसमें से अधिकांश समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया गया। अपर जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता पर उनका निस्तारण किया जाए। जन सुनवाई में पहुंचे लोगों ने निजी भूमि पर अवैध कब्जा, सड़क, शिक्षा, पेयजल, एमडीडीए, नगर निगम, पुलिस, परिवहन, विद्युत, आर्थिक सहायता, स्कूल फीस माफी, रोजगार आदि से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से रखी। जन सुनवाई में पछवादून निवासी 71 वर्षीय बुजुर्ग ने अपने पक्ष में मा. अधीनस्थ न्यायालय द्वारा कुर्रे के आधार पर आवंटित भूमि का कब्जा दिलाए जाने को लेकर एडीएम ने तहसीलदार सदर को 15 दिनों में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मोहल्ला ईदगाह कुमार मंडी में नगर निगम की संपत्ति एवं सार्वजनिक रास्ते पर अतिक्रमण की शिकायत पर नगर निगम और तहसीलदार सदर को संयुक्त निरीक्षण कर अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। विकासखंड चकराता के अंतर्गत खारसी मोटर मार्ग किमी 19 से किमी 24 तक क्षतिग्रस्त होने की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग को शीघ्र मोटर मार्ग सुधारीकरण की कार्रवाई करने को कहा गया। ग्राम माजरा के कृषक ने कांवली नहर कुलावा में पानी न आने से गर्मियों में फसल व सब्जियां खराब होने की शिकायत की। जिस पर सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को शिकायत का तत्काल निस्तारण कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। अजबपुर खुर्द निवासी फरियादी ने कृषि भूमि पर सिंचाई की सुविधा न होने की समस्या पर अधिशासी अभियंता को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
