तिरुवनंतपुरम: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद शशि थरूर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करने दिल्ली से केरल पहुंचे। यहां पहुंचकर उन्होंने खुशी जाहिर की और कहा कि अच्छा हुआ समय पर आ गया। पीएम मोदी विझिनजाम अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लेने के लिए गुरुवार शाम को केरल पहुंचे थे।
कांग्रेस सांसद ने पीएम मोदी का केरल में स्वागत करने पर खुशी जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, दिल्ली एयरपोर्ट पर देरी के बावजूद मैं अपने निर्वाचन क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन पर उनका स्वागत करने के लिए समय पर तिरुवनंतपुरम में उतरने में सफल रहा। मैं विझिनजाम बंदरगाह के आधिकारिक रूप से चालू होने का इंतजार कर रहा हूं। यह एक ऐसी परियोजना है जिसमें शुरू से ही शामिल होने पर मुझे गर्व है। एयरपोर्ट पर केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, केंद्रीय राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन और तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पर विमान से उतरने के बाद पीएम मोदी राजभवन की तरफ रवाना हो गए। इस दौरान सड़क किनारे पीएम मोदी के स्वागत के लिए खड़े आम लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं का पीएम मोदी ने हाथ हिलाकर अभिवादन किया।






