Advertisement banner

अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने गई पुलिस पर पथराव, 9 पुलिसकर्मी घायल

भागलपुर में अवैध शराब पकड़ने गई पुलिस पर पथराव, 9 पुलिसकर्मी घायल, कई लोग हिरासत में
bhagalpur police attacked

भागलपुर: बिहार में शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद अवैध शराब की तस्करी और बिक्री थम नहीं रही है। आश्चर्य की बात ये है कि कार्रवाई करने पर तस्करों द्वारा पुलिस कर्मियों पर हमले की भी घटनाएं बढ़ती जा रही है। यानि उन्हें कानून का कोई डर नहीं रह गया है। इस बीच रविवार शाम को ललमटिया थाना पुलिस जब पासी टोला में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने गई तब वहां महिलाओं द्वारा की गई पत्थरबाजी से जूझना पड़ा। पथराव में 9 पुलिस कर्मियों के घायल होने की खबर है। जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि पासी टोला में एक तस्कर के घर में देशी शराब का स्टॉक रखा गया है। छापेमारी में जब 20 लीटर देसी शराब बरामद हुई और पुलिस ने गिरफ्तारी की कोशिश की, तो आसपास की महिलाएं इकट्ठा होकर विरोध करने लगीं। कुछ ही देर में यह विरोध पथराव में बदल गया। इस हमले में 9 पुलिसकर्मी घायल हुए जिसमें तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं और 6  पुलिसकर्मी को हल्की चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी-2 राकेश कुमार, नाथनगर इंस्पेक्टर राजीव रंजन सिंह और ललमटिया थानाध्यक्ष बड़ी संख्या में फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। करीब दस महिला और पुरुषों को हिरासत में लिया गया है।