पटना: बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने कांग्रेस नेता उदित राज और पृथ्वीराज चव्हाण के उस बयान को कुंठित मानसिकता करार दिया है। जिसमें कांग्रेस के इन दोनों नेताओं ने विवादित टिप्पणी करते हुए ऑपरेशन सिंदूर के नाम पर सवाल खड़े किए थे। पृथ्वीराज चव्हाण ने जहां केंद्र सरकार पर इसका भावनात्मक लाभ लेने का आरोप लगाया तो उदित राज ने कहा था कि सिंदूर की जगह कोई और नाम भी हो सकता था। इन नेताओं के बयान पर बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी।
शुक्रवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान अशोक चौधरी ने कहा कि ये घटिया मानसिकता रखने वाले लोग हैं। इन्हें ऑपरेशन सिंदूर से परेशानी होती है। हमारी बहन-बेटियों का सिंदूर छीना गया। इसीलिए, ऑपरेशन का नाम सिंदूर रखा गया। ऑपरेशन सिंदूर चलाकर हमने पाकिस्तान और पीओके के 9 आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया। अगर इन्हें सिंदूर नाम से दिक्कत है तो वे प्रदेश और देश में अपनी सरकार बना लें। इसके बाद जो मन आए वह नाम रखें। देश में सरकार प्रधानमंत्री मोदी की है तो निर्णय भी वहीं लेंगे। जनता की रक्षा करने का दायित्व उनके कंधे पर है और वह इसे निभा रहे हैं।






