Advertisement banner

ट्राई सीरीज: गेरहार्ड इरास्मस पर भारी पड़ी इनोसेंट की तूफानी पारी, जिम्बाब्वे ने नामीबिया को 5 विकेट से हराया

ट्राई

नई दिल्ली, 3 सितंबर (आईएएनएस)। ट्राई सीरीज के पांचवें मैच में जिम्बाब्वे ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए नामीबिया को 5 विकेट से हराया। नामीबिया से मिले 157 रनों के लक्ष्य को जिम्बाब्वे ने 5 विकेट खोकर 18.1 ओवर में हासिल कर लिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे टीम को बेन करन और ब्रायन बेनेट अच्छी शुरुआत देने में नाकाम रहे। करन सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हुए, जबकि बेनेट 17 गेंदों में 22 रन बनाने के बाद पवेलियन लौटे। कप्तान सिकंदर रजा ने बढ़िया बल्लेबाजी करते हुए सूझबूझ भरी पारी खेली और उन्होंने 2 चौकों की मदद से 24 गेंदों में 29 रन बनाए।

इनोसेंट कइया शानदार लय में दिखाई दिए और उन्होंने महज 42 गेंदों का सामना करते हुए 72 रनों की आतिशी पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 8 चौके और 3 छक्के लगाए। तदिवानाशे मारुमानी ने अंत में 12 गेंदों में नाबाद 13 रन बनाए, जबकि रयान बर्ल ने चौका और छक्का लगाते हुए टीम को जीत दिलाई।

टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी नामीबिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। जेन फ्रीलिंक बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और महज 8 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद लॉरेन स्टीनकम्प भी सिर्फ 14 रन बनाने के बाद पवेलियन लौटे। विकेटकीपर बल्लेबाज जेन ग्रीन का बल्ला भी खामोश रहा और वह सिर्फ एक रन बनाकर आउट हुए।

25 के स्कोर पर 3 विकेट खोकर मुश्किल में नजर आ रही नामीबिया की पारी को कप्तान गेरहार्ड इरास्मस और अलेक्जेंडर वोल्केन ने संभाला और चौथे विकेट के लिए 63 गेंदों में 83 रनों की अहम साझेदारी निभाई। अलेक्जेंडर 31 गेंदों का सामना करने के बाद 2 चौके और एक छक्के की मदद से 29 रन बनाकर आउट हुए।

हालांकि, गेरहार्ड ने अपनी शानदार बल्लेबाजी जारी रखी और उन्होंने 48 गेंदों में 8 चौके और 3 छक्कों की मदद से 88 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसके दम पर नामीबिया की टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 156 रनों के टोटल तक पहुंचने में सफल रही। जिम्बाब्वे की ओर से गेंदबाजी में ब्रैड इवांस और कुंदई मातिगिमु ने दो-दो विकेट चटकाए। वहीं, सिकंदर रजा और मुजारबानी ने एक-एक विकेट निकाला।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी