Advertisement banner

नेविल डिसूजा मैदान को गंवाना मुंबई फुटबॉल एसोसिएशन के लिए बड़ा झटका होगा: रयान मेनेजेस

नेविल

मुंबई, 23 अगस्त (आईएएनएस)। मुंबई के बांद्रा रिक्लेमेशन में स्थित नेविल डिसूजा फुटबॉल टर्फ को कन्वेंशन सेंटर में तब्दील करने के फैसले के खिलाफ रविवार को लोगों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया। मुंबई फुटबॉल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष रयान मेनेजेस ने कहा इस मैदान पर हर साल बच्चों के लिए प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है और अगर इस मैदान को कन्वेंशन सेंटर में बदला जाता है, तो यह मुंबई फुटबॉल के लिए बड़ा झटका होगा।

रयान मेनेजेस ने 'आईएएनएस' के साथ बात करते हुए कहा, "जैसा कि आप देख सकते हैं, यह मुंबई फुटबॉल एसोसिएशन के लिए एक बहुत ही महत्वपूर्ण फुटबॉल ग्राउंड है। यहां हर साल 10 हजार से ज्यादा बच्चे खेलते हैं। यह 11-ए-साइड फुटबॉल का एक बहुत ही महत्वपूर्ण ग्राउंड है जो मुंबई फुटबॉल एसोसिएशन को अलॉट किया गया है। हम हर साल बच्चों के लिए आधिकारिक मैच आयोजित करते हैं। यहां खेलने वाले ज्यादातर बच्चे आगे चलकर एमएफए (मुंबई फुटबॉल एसोसिएशन), डिस्ट्रिक्ट टीमों, राज्य टीमों और नेशनल टीमों के लिए खेलते हैं।"

उन्होंने आगे कहा, ""मुझे लगता है कि एमएफए की तरफ से भी हमने अधिकारियों को कई पत्र सौंपे हैं। भारत के खिलाड़ियों और पूर्व खिलाड़ियों ने भी अधिकारियों को पत्र लिखकर उनसे इस फैसले पर फिर से विचार करने और इसे खेल के मैदान के तौर पर बनाए रखने का अनुरोध किया है। बेशक,मैं इस मामले पर ज्यादा कुछ नहीं कहूंगा क्योंकि यह अभी अदालत में चल रहा है। हमें अगली सुनवाई का इंतजार है और माननीय अदालत जो फैसला देगी, उसे देखेंगे। हमें पूरा विश्वास है कि न्याय मिलेगा और सही फैसला होगा।"

वहीं, एक प्रदर्शनकारी ने कहा, "असल में, यह नेविल डिसूजा फुटबॉल ग्राउंड को बचाने की कोशिश है। यह हमारे शहर में बची हुई कुछ गिनी-चुनी खुली जगहों में से एक है, और युवाओं के लिए खेल खासकर फ़ुटबॉल खेलने के लिए मौजूद बहुत कम जगहों में से एक है। जब हम बच्चे थे, तो अच्छे मैदानों की कमी थी। हम पथरीले, कीचड़ भरे या पानी से भरे मैदानों पर खेलते थे ऐसी ही जगहों पर। अब, जब थोड़े सस्ते एस्ट्रो-टर्फ आ गए हैं, तो किसी को भी लगेगा कि हालात बेहतर होंगे कि अब युवाओं के पास सच में खेलने और स्पोर्ट्स पिच पर खुद को जाहिर करने के लिए जगहें होंगी।"

एक और अन्य प्रदर्शनकारी ने इस फैसले की निंदा करते हुए कहा, "मैं मुंबई फुटबॉल का फैन हूं और भारतीय फुटबॉल को भी फॉलो करता हूं। इस वजह से मुख्य कारण यह है कि जमीनी फुटबॉल का इकोसिस्टम इसी मैदान से जुड़ा हुआ है। अगर यह मैदान तोड़ दिया गया, तो हमारा इकोसिस्टम आखिरकार खत्म हो जाएगा।"

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी