Big Bash League : स्ट्राइकर्स को 6 विकेट से हराकर प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर स्टार्स

बीबीएल में स्टार्स की लगातार दूसरी जीत, स्ट्राइकर्स को 6 विकेट से हराया
बीबीएल: स्ट्राइकर्स को 6 विकेट से हराकर प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर स्टार्स

एडिलेड: मेलबर्न स्टार्स ने मंगलवार को एडिलेड ओवल में खेले गए बिग बैश लीग (बीबीएल) 2025-26 के 10वें मुकाबले को अपने नाम किया। इस टीम ने मंगलवार को एडिलेड स्ट्राइकर्स के खिलाफ 6 विकेट से जीत दर्ज की। इसी के साथ स्टार्स ने प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष पायदान पर कब्जा जमा लिया है।

मेलबर्न स्टार्स ने इस सीजन के शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर 4 प्वाइंट्स हासिल किए हैं, जबकि एडिलेड स्ट्राइकर्स पहला मैच जीतने के बाद अगला मुकाबला हार गई। यह टीम छठे स्थान पर लुढ़क गई है।

टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी एडिलेड स्ट्राइकर्स ने निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 155 रन बनाए। इस टीम ने 7 के स्कोर पर क्रिस लिन (4) और जेसन सांघा (0) का विकेट गंवा दिया था।

यहां से मैथ्यू शॉर्ट ने लियाम स्कॉट के साथ तीसरे विकेट के लिए 37 गेंदों में 55 रन की साझेदारी करते हुए टीम को परेशानी से निकाला। लियाम 19 गेंदों में 25 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

मैथ्यू शॉर्ट ने एलेक्स रॉस के साथ चौथे विकेट के लिए 48 रन जोड़ते हुए टीम को 110 के स्कोर तक पहुंचाया। शॉर्ट 42 गेंदों में 4 चौकों के साथ 56 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रॉस ने 22 रन की पारी खेली।

विपक्षी टीम की तरफ से टॉम करन और हारिस रऊफ ने 3-3 विकेट हासिल किए, जबकि पीटर सिडल और मार्कस स्टोइनिस ने 1-1 विकेट निकाला।

इसके जवाब में मेलबर्न स्टार्स ने 18.1 ओवरों में ही जीत दर्ज कर ली। इस टीम को सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। जो क्लार्क ने सैम हार्पर के साथ 7 ओवरों में 67 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूती दी। क्लार्क 19 गेंदों में 23 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद सैम हार्पर ने 36 गेंदों में 2 छक्कों और 5 चौकों के साथ 55 रन बनाते हुए टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

इनके अलावा, कैंपबेल केलवे ने 28 रन बनाए, जबकि कप्तान मार्कस स्टोइनिस ने नाबाद 32 रन बनाकर टीम को आसान जीत दिलाने में योगदान दिया। विपक्षी टीम के लिए हसन अली ने सर्वाधिक 2 विकेट निकाले, जबकि जेमी ओवरटन और लॉयड पोप ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

--आईएएनएस

 

 

Related posts

Loading...

More from author

Loading...