मुंबई: आईपीएल 20 -20 क्रिकेट टूर्नामेंट के एक मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 6 रन से पराजित कर दिया. पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ ने निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 195 रन बनाए जवाब में दिल्ली कैपिटल की टीम 7 विकेट खोकर 189 रन ही बना सकी।
196 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरे दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पृथ्वी शाॅ 5 और डेविड वॉर्नर 3 रन बनाकर पैवेलियन वापस लौट गए। पृथ्वी शाॅ को दुशमन्था चमीरा ने कृष्णप्पा गौतम के हाथों कैच करा दिया। डेविड वॉर्नर को मोहसिन खान की गेंद पर आयुष बदोनी ने लपक लिया। इसके बाद मिशेल मार्श और ऋषभ पंत ने मिलकर पारी संभाली। मार्श ने 20 गेंदों में तीन चौके और तीन छक्के की सहायता से 37 रन बनाए। पंत ने 30 गेंदों में 7 चौके और एक छक्के की सहायता से 44 रन का योगदान दिया। मार्श को गौतम की गेंद पर क्विंटन डी कॉक ने कैच किया। पंत को मोहसिन खान ने बोल्ड कर दिया। निचले क्रम में पावेल ने 21 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के की सहायता से 35 रन का योगदान दिया। पावेल को मोहसिन खान ने कुणाल पंड्या के हाथों कैच करा दिया। अक्षर पटेल 24 गेंदों में एक चौके और तीन छक्के की सहायता से 42 रन बनाकर नाबाद रहे। कुलदीप यादव ने 8 गेंदों में एक चौके और एक छक्के की सहायता से नाबाद 16 रन का योगदान दिया। लेकिन दिल्ली जीत से 7 रन दूर रह गया। लखनऊ के लिए मोहसिन खान ने चार, चमीरा, रवि बिश्नोई और गौतम ने एक-एक विकेट लिए।






