नई दिल्ली, 4 सितंबर (आईएएनएस)। ट्राई सीरीज के छठे मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए नामीबिया को 11 रनों से हराया। साउथ अफ्रीका से मिले 229 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए नामीबिया की टीम 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 217 रन ही बना सकी।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया टीम को लौरेन स्टीनकैंप और जेन फ्रीलिंक ने शानदार शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए सिर्फ 65 गेंदों में 119 रनों की साझेदारी निभाई। स्टीनकैंप 44 गेंदों में 5 चौके और 3 छक्कों की मदद से 61 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, फ्रीलिंक महज 36 गेंदों में 72 रनों की तेज तर्रार पारी खेलने के बाद आउट हुए। अपनी इस इनिंग के दौरान फ्रीलिंक ने 6 चौके और 5 छक्के लगाए।
जे जे स्मित सिर्फ 9 रन ही बना सके, जबकि रुबेन ट्रम्पेलमैन ने 10 गेंदों में 21 रन बनाए। कप्तान गेरहार्ड इरास्मस 26 गेंदों में 30 रन बनाकर नाबाद रहे, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। गेंदबाजी में साउथ अफ्रीका की तरफ से नकोबानी मोकोएना ने सर्वाधिक 2 विकेट चटकाए, जबकि एंडिले सिमेलेन ने एक विकेट निकाला।
इससे पहले, साउथ अफ्रीका को लुआन ड्रे प्रीटोरियस और कॉनर एस्टरहुइजेन ने धमाकेदार शुरुआत दी। प्रीटोरियस और एस्टरहुइजेन ने पहले विकेट के लिए 11.3 ओवर में 156 रन जोड़े। एस्टरहुइजेन ने सिर्फ 40 गेंदों का सामना करते हुए 6 चौके और 8 छक्कों की मदद से 88 रन बनाए। वहीं, लुआन ड्रे प्रीटोरियस ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का पहला शतक लगाया। उन्होंने 53 गेंदों में 101 रन बनाए।
अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 5 चौके और 8 छक्के लगाए। रुबिन हरमन ने 21 गेंदों में 26 रनों का योगदान दिया। नामीबिया की तरफ से जैन बाल्ट ने 31 रन देकर 2 विकेट झटके। साउथ अफ्रीका की यह चौथे मैच में तीसरी जीत है और टीम ने फाइनल का टिकट हासिल कर लिया है। ट्राई सीरीज के फाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका की भिड़ंत अब जिम्बाब्वे से 6 सितंबर को होगी।
--आईएएनएस
एसएम/एबीएम







