Advertisement banner

इराओला ने दिए संकेत, इप्सविच टाउन के खिलाफ लिवरपूल के लिए डेब्यू कर सकते हैं बारकोला

इराओला

लिवरपूल, 3 सितंबर (आईएएनएस)। लिवरपूल के बड़े समर साइनिंग ब्रैडली बारकोला शुक्रवार को इप्सविच टाउन के खिलाफ प्रीमियर लीग में अपना डेब्यू कर सकते हैं। मैनेजर एंडोनी इराओला ने संकेत दिया है कि फ्रांस का यह खिलाड़ी 'रेड्स' (लिवरपूल टीम) के लिए खेलने को तैयार है।

बारकोला पेरिस सेंट-जर्मेन (पीएसजी) से लिवरपूल में शामिल हुए। यह डील कथित तौर पर 166 मिलियन डॉलर की बड़ी डील थी, जिसके तहत उन्होंने प्रीमियर लीग क्लब के साथ पांच साल का कॉन्ट्रैक्ट साइन किया है। 23 साल के इस फॉरवर्ड खिलाड़ी को नंबर 29 की शर्ट दी गई है और इतनी बड़ी रकम में साइन होने के बाद उनसे एनफील्ड में काफी उम्मीदें हैं।

पीएसजी में बारकोला को खेलने के कम मौके मिले, क्योंकि क्लब डेजायर डौ और खविचा क्वारात्सखेलिया को ज्यादा प्राथमिकता दे रहा था। वह पीएसजी के साथ दो बार चैंपियंस लीग जीत चुके हैं, लेकिन फाइनल में उन्हें बेंच से उतरना पड़ा था। इराओला ट्रेनिंग में बारकोला के प्रदर्शन से काफी खुश थे और उन्होंने संकेत दिया कि यह फॉरवर्ड खिलाड़ी हाल ही में प्रमोट होकर आई इप्सविच के खिलाफ खेल सकता है, बशर्ते वह गुरुवार का सेशन बिना किसी समस्या के पूरा कर लें।

इराओला ने गुरुवार को मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "हम ब्रैडली से बहुत खुश हैं। उस पोजीशन पर एक बहुत अच्छा खिलाड़ी साइन करना हमारी प्राथमिकता थी। वह सही सोच के साथ भी आए हैं। मुझे यह बात पसंद है कि वह लिवरपूल में बहुत दिलचस्पी रखते थे। वह यहां आना चाहते थे।"

बारकोला के आने से लिवरपूल के समर्थकों में काफी उत्साह है, क्योंकि क्लब ने उन्हें टीम में शामिल करने के लिए भारी निवेश किया है। उम्मीद है कि फ्रांस का यह खिलाड़ी इराओला की टीम में तेजी, क्रिएटिविटी और एक और अटैकिंग विकल्प जोड़ेगा। इराओला ने यह भी कहा कि वह अपने आने के बाद से लिवरपूल के सभी साइनिंग्स से बहुत खुश हैं और अब यह उन पर निर्भर है कि वह टीम को बेहतर बनाएं और एक सफल प्रीमियर लीग कैंपेन की ओर बढ़ें।

इस बीच, लिवरपूल ने सीजन की धीमी शुरुआत की है और न्यूकैसल यूनाइटेड और नॉटिंघम फॉरेस्ट के खिलाफ अपने शुरुआती दो मैच 2-2 से ड्रॉ खेले हैं। 'रेड्स' अभी भी सीजन की अपनी पहली लीग जीत की तलाश में हैं, ऐसे में बारकोला का टीम में आना एक अतिरिक्त अटैकिंग जोश दे सकता है।

--आईएएनएस

एसएम/एबीएम