logo

भारत-जापान टी20 इंटरनेशनल मैच दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने का जश्न: नगमा मलिक

भारत-जापान टी20 मैच दोनों देशों के संबंधों का जश्न मनाएगा
भारत-जापान

नागोया, 20 सितंबर (आईएएनएस)। राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने पर भारत और जापान के बीच एकमात्र टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच 22 सितंबर को खेला जाएगा, जिसको लेकर जापान में भारत की राजदूत नगमा मोहम्मद मलिक ने आईएएनएस से बातचीत की।

आईएएनएस से बातचीत करते हुए जापान में भारत की राजदूत नगमा मोहम्मद मलिक ने बताया कि सानो शहर में होने वाला भारत-जापान क्रिकेट मैच दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने के जश्न की शुरुआत करेगा। दोनों देशों के बीच यह मुकाबला 22 सितंबर को तोचिगी के सानो शहर में खेला जाएगा और चल रहे आइची-नागोया एशियाई खेलों के बीच यह एक अहम खेल आयोजन होगा।

नगमा मोहम्मद मलिक ने आईएएनएस को बताया, "यह भारत और जापान के बीच द्विपक्षीय कैलेंडर में एक अहम आयोजन है। 22 तारीख को होने वाला क्रिकेट मैच भारत और जापान के बीच राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने के जश्न की शुरुआत करेगा। हम इसी का जश्न मना रहे हैं। यह पहला आयोजन है और हमारे दोनों प्रधानमंत्रियों ने कुछ महीने पहले ही इस पर सहमति जताई थी।"

यह मैच नागोया में बने नए क्रिकेट स्टेडियम के बजाय सानो में खेला जाएगा, क्योंकि नागोया वाला स्टेडियम एशियाई खेलों के लिए इस्तेमाल हो रहा है। मलिक ने बताया कि नागोया की पिच एशियाई खेलों में हिस्सा ले रही टीमों के इस्तेमाल में रहेगी। उन्होंने कहा, "इसलिए हम इसे सानो शहर में आयोजित करेंगे, यहां नहीं, क्योंकि यहां एशियाई खेलों के लिए ही क्रिकेट पिच बनाई गई थी। और वह पिच एशियाई खेलों में खेलने वाली टीमों के इस्तेमाल में रहेगी। इसलिए सानो शहर में एक और पुरानी पिच है।"

हालांकि इस मैच को दोस्ताना मुकाबले के तौर पर देखा जा रहा है, लेकिन मलिक ने कहा कि इसका महत्व क्रिकेट के मैदान से कहीं ज्यादा है, क्योंकि यह मुकाबला भारत-जापान संबंधों के व्यापक जश्न का हिस्सा है।

उन्होंने आगे कहा, "इसलिए हम इसे 22 तारीख को वहीं आयोजित करेंगे। यह बहुत अच्छा लग रहा है। यह द्विपक्षीय संबंधों के लिए एक अहम आयोजन है।"

राजदूत ने मैच को लेकर लोगों के उत्साह का भी जिक्र किया और बताया कि टिकट बिक चुके हैं और भारत व दुनिया भर से समर्थकों के इसमें शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने ने कहा, "मुझे उम्मीद है, यानी जहां तक मुझे पता है, टिकट बिक चुके हैं। इसलिए लोग मैच देखने के लिए अपने देश और विदेशों की अन्य जगहों से भी आए हैं।"

उन्हें जापान में रहने वाले भारतीय समुदाय से भी जबरदस्त समर्थन की उम्मीद है। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि जापान में रहने वाले भारतीय समुदाय के कई सदस्य भी सानो शहर में मौजूद रहेंगे।"

--आईएएनएस

एसडी/पीएम