'हमने बेस्ट क्रिकेट नहीं खेला', विमेंस एशिया कप का खिताब गंवाने के बाद बोलीं श्रीलंकाई कप्तान चमारी अटापट्टू

'हमने बेस्ट क्रिकेट नहीं खेला', विमेंस एशिया कप का खिताब गंवाने के बाद बोलीं श्रीलंकाई कप्तान चमारी अटापट्टू

दुबई, 14 सितंबर (आईएएनएस)। श्रीलंका विमेंस एशिया कप के खिताब का बचाव करने में नाकाम रही। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में टीम को फाइनल मुकाबले में भारत के खिलाफ 72 रनों से करारी हार का सामना करना पड़ा। फाइनल मैच में मिली हार के बाद श्रीलंकाई कप्तान चमारी अटापट्टू ने माना कि टीम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी।

खिताब गंवाने के बाद चमारी अटापट्टू ने कहा, "यह खेल का हिस्सा है। एक टीम जीतती है और एक टीम हारती है, लेकिन आखिर में मुझे पता है कि हमने अपना सबसे अच्छा क्रिकेट नहीं खेला। खासकर पावरप्ले में हमें गेंदबाजी में काफी मुश्किल हुई। उन्होंने वाकई बहुत अच्छा खेला। मगर हम वापसी करेंगे, क्योंकि इसके बाद एशियन गेम्स होने वाले हैं। इसलिए हमें कई क्षेत्रों में सुधार करने की जरूरत है, और हम वापसी करेंगे।"

श्रीलंकाई कप्तान ने आगे कहा, "इस गेम के अलावा हमने पूरे टूर्नामेंट में बहुत अच्छा क्रिकेट खेला। हमने कुछ टीमों को हराया, और इस मुकाबले में हमें थोड़ी मुश्किल हुई, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हम अच्छे नहीं हैं। हमें अपनी योजनाओं पर अमल करने की जरूरत है, और मुझे उम्मीद है कि हम वापसी कर सकते हैं। कई खिलाड़ियों ने काफी सुधार किया और अच्छा क्रिकेट खेला। खासकर हर्षिता, प्रबोदा और नीलाक्षिका। इसी वजह से हम इन सभी सकारात्मक बातों को अगली सीरीज में भी साथ लेकर चलेंगे।"

फाइनल मुकाबले में श्रीलंका का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। भारत से मिले 184 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की पूरी टीम 111 रन बनाकर ऑलआउट हुई। टीम की ओर से कप्तान चमारी अटापट्टू ने सर्वाधिक 36 रन बनाए, जबकि नीलाक्षिका सिल्वा ने 22 रनों का योगदान दिया। भारत की ओर से गेंदबाजी में श्री चरणी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 20 रन देकर 4 विकेट चटकाए, जबकि दीप्ति शर्मा ने 19 रन देकर 3 विकेट निकाले। भारत की तरफ से बल्लेबाजी में शेफाली वर्मा (68 रन) और स्मृति मंधाना (59) ने तूफानी अर्धशतकीय पारी खेली। भारतीय टीम ने रिकॉर्ड 8वीं बार एशिया कप के खिताब को अपने नाम किया।

--आईएएनएस

एसएम/पीएम