एशियन गेम्स 2026: स्मृति मंधाना के नाम बड़ी उपलब्धि, यह मुकाम हासिल करने वाली बनीं पहली महिला खिलाड़ी

एशियन गेम्स 2026: स्मृति मंधाना ने रचा इतिहास, बनीं पहली महिला खिलाड़ी जिन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में 11,000 रन पूरे किए
एशियन

निशिन, 22 सितंबर (आईएएनएस)। एशियन गेम्स 2026 के फाइनल मुकाबले में भारतीय महिला क्रिकेट टीम का सामना श्रीलंका से हो रहा है। कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क के मैदान पर खेले जा रहे इस मुकाबले में स्मृति मंधाना ने वह मुकाम हासिल कर लिया है, जहां अब तक कोई भी महिला खिलाड़ी नहीं पहुंच सकी है।

स्मृति मंधाना ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 11 हजार रन पूरे कर लिए हैं। वह इस उपलब्धि को हासिल करने वाली पहली महिला खिलाड़ी बनी हैं। श्रीलंका के खिलाफ गोल्ड मेडल के लिए खेले जा रहे मुकाबले में मंधाना ने अपना अर्धशतक पूरा करने के साथ ही यह मुकाम हासिल किया। तीनों फॉर्मेट को मिलकर इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड पहले से ही मंधाना के नाम है। उन्होंने एशिया कप 2026 के दौरान भारत की ही पूर्व कप्तान मिताली राज को इस मामले में पीछे छोड़ा था।

श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने एक बार फिर टीम को अच्छी शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 9.6 ओवर में 99 रन जोड़े। भारतीय टीम की सलामी जोड़ी के आगे श्रीलंका का गेंदबाजी अटैक पूरी तरह से बेबस दिखाई दिया। मंधाना ने 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। शेफाली भी अच्छी लय में दिखाई दीं और वह 29 गेंदों में 48 रन बनाने के बाद आउट हुईं। उन्होंने अपनी इस पारी में 3 चौके और तीन छक्के लगाए।

मंधाना और शेफाली ने इस दौरान टी20 इंटरनेशनल में बतौर सलामी जोड़ी 4,000 रन भी पूरे किए। क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में किसी भी विकेट के लिए सबसे ज्यादा रन जोड़ने का रिकॉर्ड भी मंधाना-शेफाली के नाम है। शेफाली साल 2026 में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज भी बन गई हैं।

उन्होंने इस मामले में साउथ अफ्रीका की बल्लेबाज लौरा वोल्वार्ट को पीछे छोड़ा। वोल्वार्ट ने इस साल अब तक 824 रन बनाए हैं। भारतीय टीम अपने गोल्ड मेडल का बचाव करने के इरादे से मैदान पर उतरी है। हाल ही में हुए एशिया कप 2026 के फाइनल में टीम इंडिया ने श्रीलंका को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था।

--आईएएनएस

एसएम/एएस