logo

एशियन गेम्स 2026: ऋषभ पंत ने की भारतीय एथलीटों का हौसला बढ़ाने की अपील, बोले- हमें उनके साथ खड़ा होना है

ऋषभ पंत ने किया भारतीय एथलीटों का हौसला बढ़ाने का आह्वान
एशियन

नई दिल्ली, 18 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत ने एशियन गेम्स 2026 में हिस्सा ले रहे भारतीय दल को अपना समर्थन दिया है। उन्होंने देश भर के फैंस से अपील की है कि वे एथलीटों का साथ दें और इंटरनेशनल मंच पर उनके मुकाबले के दौरान उनका हौसला बढ़ाएं।

पंत ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'इंस्टाग्राम' पर शेयर किए गए एक वीडियो में पंत ने कहा कि वह इन खेलों को देखने के लिए उत्साहित हैं और उन्होंने फैंस से भारतीय एथलीटों का साथ देने और पूरे टूर्नामेंट के दौरान उनका समर्थन करने को कहा। पंत ने कहा, "एशियन गेम्स देखने के लिए मैं बहुत उत्साहित हूं। आइए हम अपने भारतीय एथलीटों का साथ दें, उनका समर्थन करें और उम्मीद करें कि वे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे। चाहे कुछ भी हो, हमें उनके साथ खड़ा होना चाहिए, उनका जोरदार उत्साह बढ़ाना चाहिए और उन्हें भरपूर समर्थन देना चाहिए।"

एशियन गेम्स एशिया का सबसे बड़ा खेल आयोजन है, जो हर चार साल में एक बार होता है। इनका आयोजन ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (ओसीए) द्वारा किया जाता है। आगामी खेलों में 45 देशों और क्षेत्रों के खिलाड़ी 43 खेलों में हिस्सा लेंगे। यह खेलों का 20वां संस्करण होगा और टोक्यो 1958 और हिरोशिमा 1994 के बाद यह तीसरी बार होगा जब जापान इस महाद्वीपीय आयोजन की मेजबानी करेगा।

भारत इस महाद्वीपीय आयोजन में हांगझू 2023 के रिकॉर्ड-तोड़ प्रदर्शन से भी बेहतर करने के इरादे से पहुंचा है, जहां उसने 28 गोल्ड मेडल समेत कुल 107 मेडल जीते थे। भारत पुरुष और महिला क्रिकेट और कबड्डी दोनों में मौजूदा चैंपियन है, जबकि पुरुष हॉकी टीम भी मौजूदा चैंपियन के तौर पर उतर रही है। पीवी सिंधु भारत के बैडमिंटन अभियान की अगुवाई करेंगी, जबकि मीराबाई चानू वेटलिफ्टिंग दल का नेतृत्व करेंगी। शूटिंग में मनु भाकर देश के प्रमुख नामों में शामिल होंगी, और अमन सहरावत कुश्ती में दांव-पेच आजमाएंगे। वहीं, लवलीना बोरगोहेन बॉक्सिंग में अपना दम दिखाएंगी।

एथलेटिक्स में 75 से ज्यादा भारतीय ट्रैक और फील्ड एथलीट हिस्सा लेंगे, जिनमें गुलवीर सिंह, तेजस्विन शंकर, मुरली श्रीशंकर, ज्योति याराजी और पारुल चौधरी जैसे खिलाड़ी भारत के लिए मेडल जीतने के प्रमुख दावेदार हैं। तेजिंदरपाल सिंह तूर शॉट पुट में दो बार के मौजूदा चैंपियन के तौर पर आइची-नागोया पहुंचे हैं। दो बार ओलंपिक मेडल जीतने वाली पिस्टल शूटर मनु भाकर और शॉट पुटर तेजिंदरपाल सिंह तूर को एशियन गेम्स के उद्घाटन समारोह के लिए भारत का ध्वजवाहक चुना गया है।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी