एशियन गेम्स 2026: गोल्ड मेडल जीतने उतरेंगी भारत की बेटियां, श्रीलंका चुकता करना चाहेगा पिछली हार का हिसाब

एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में भारत की बेटियों का सामना श्रीलंका से
एशियन

निशिन, 21 सितंबर (आईएएनएस)। एशियन गेम्स 2026 के फाइनल मुकाबले में मंगलवार को भारतीय महिला क्रिकेट टीम की भिड़ंत श्रीलंका से होगी। कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में होने वाले इस मुकाबले को जीतकर भारतीय टीम लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल को अपने नाम करने के इरादे से उतरेगी। वहीं, श्रीलंकाई टीम एशिया कप 2026 के फाइनल में मिली हार का हिसाब चुकता करना चाहेगी।

भारतीय टीम का प्रदर्शन अब तक टूर्नामेंट में कमाल का रहा है। सेमीफाइनल मुकाबले में हरमनप्रीत एंड कंपनी ने बांग्लादेश को 114 रनों से रौंदने के साथ फाइनल में प्रवेश किया है। शेफाली वर्मा एशिया कप की बेहतरीन फॉर्म को एशियन गेम्स में भी बरकरार रखने में सफल रही हैं। बांग्लादेश के खिलाफ उन्होंने 49 गेंदों में 100 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी।

वहीं, स्मृति मंधाना का भी बल्ला खूब गरजा है। बांग्लादेश के खिलाफ कप्तान हरमनप्रीत कौर भी अच्छी लय में दिखाई दी थीं और उन्होंने 33 गेंदों में 40 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली थी। गेंदबाजी में श्री चरणी और दीप्ति शर्मा की जोड़ी उम्मीदों पर पूरी तरह से खरी उतरी है। वहीं, तेज गेंदबाजी में नंदिनी शर्मा और क्रांति गौड़ भी अच्छी लय में दिखाई दी हैं।

दूसरी ओर, श्रीलंका ने सेमीफाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को 8 विकेट से हराने के साथ फाइनल में जगह बनाई है। पाकिस्तान के खिलाफ टीम ने 178 रनों के लक्ष्य को आसानी से 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया था। चमारी अटापट्टू बल्ले और गेंद दोनों से बेहतरीन लय में दिखाई दी हैं। सेमीफाइनल में उन्होंने 50 गेंदों में 83 रनों की दमदार पारी खेली थी। वहीं, हसीना परेरा ने महज 26 गेंदों का सामना 42 रनों की तूफानी पारी खेली थी।

कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क की पिच अब तक बल्लेबाजी के लिए शानदार नजर आई है। पिच में अच्छा बाउंस नजर आया है, जिसके चलते बल्लेबाजों को रन बनाने में आसानी रही है। भारत और श्रीलंका के बीच अब तक कुल 31 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से भारत ने 25 में जीत दर्ज की है, जबकि 5 मुकाबलों में श्रीलंका ने बाजी मारी है। वहीं, एक मैच बेनतीजा रहा है।

--आईएएनएस

एसएम/एएस