सहारनपुर (दैनिक हाक): स्मार्ट सिटी की ओर बढ़ रहे सहारनपुर में शिक्षण संस्थाओं व शिक्षा का स्तर स्मार्ट हो इसके लिए प्रयास तेज कर दिए गए है। स्मार्ट सिटी चेयरमैन व मंडलायुक्त डॉ- एम लोकेश ने स्मार्ट सिटी सीईओ व नगरायुक्त गजल भारद्वाज के साथ बेहट रोड स्थित राजकीय कन्या इंटर कॉलेज और नेहरु मार्केट स्थित राजकीय इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया।
मंडलायुक्त ने सबसे पहले बेहट रोड पर राजकीय मैदान स्थित राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की तीनों स्मार्ट क्लास का निरीक्षण किया और स्मार्ट क्लास में बैठकर ही डीजीएम स्मार्ट सिटी दिनेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक रवि दत्त, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमरीश कुमार, संयुक्त निदेशक शिक्षा सहस्त्रंशु कुमार सुमन आदि अधिकारियों के साथ कन्या इण्टर कॉलेज में एक बहुउद्देश्य सभागार, ई-लायब्रेरी तथा अन्य क्लास रुम को भी और बेहतर ढंग से स्मार्ट क्लास बनाने आदि की संभावनाओं पर विचार किया। बाद में उन्होंने नेहरु मार्केट स्थित राजकीय कन्या इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने कॉलेज की करीब सौ बरस पुरानी बिल्डिंग का भी निरीक्षण किया और इस संभावना पर अधिकारियों के साथ विचार किया कि उसी बिल्डिंग का जीर्णाेद्धार कराया जाए या उसके स्थान पर नया भवन बनाया जाए। उन्होंने कॉलेज परिसर में एक ऑडिटोरियम व भौतिक विज्ञान व रसायन विज्ञान की प्रयोगशालाएं बनाने आदि के सम्बंध में भी अधिकारियों की राय जानी।






