हरिद्वार: हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा में पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद के नेतृत्व में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता एवं सेना के अद्भुत साहस और शौर्य के सम्मान में हरिद्वारी रोड पर तिरंगा यात्रा निकालकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि देश की सेना का साहस एवं मनोबल बढ़ाने के साथ आमजन में राष्ट्रप्रेम और एकता की भावना को जगाने का काम तिरंगा यात्र से किया जा रहा है। सोमवार को श्रद्धानंद द्वार कांगड़ी से हरिद्वारी रोड पर आर्यनगर, श्यामपुर से होते हुए बाहर पीली तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्र निकालते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि पाकिस्तान आतंकवाद को जन्म दे रहा है और इसका खामियाजा आमजन को उठाना पड़ रहा है। पाकिस्तान की नापाक हरकतों और साजिशों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशन में सेना नाकाम करते हुए मुंहतोड़ जवाब दे रही है।
उन्होंने कहा कि निर्दोष लोगों के साथ मांग का सिंदूर उजाड़ना किस धर्म, मजहब में लिखा है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद से हर किसी धर्म, वर्ग को नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज ऑपरेशन सिंदूर से पूरे विश्व में संदेश दिया है कि जो भी हिंदुस्तान के खिलाफ गलत तरीके से आंख उठाकर देखेंगा, उसे नेस्ताबूंद कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज तिरंगा यात्रा में शामिल हो रहे भारी संख्या में युवाओं के साथ हर वर्ग संदेश दे रहा है कि पूरे देश में एकता है और किसी भी चुनौती से लड़ने के लिए तैयार है।






