Advertisement banner

यूक्रेन और दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्रि‍यों ने की बात, रूस और उत्तर कोरिया सैन्य गठजोड़ पर जताई चिंता

यूक्रेन और दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्रियों की क्षेत्रीय सुरक्षा पर बातचीत
यूक्रेन

कीव, 17 सितंबर (आईएएनएस)। रूस के लगातार मिसाइल-ड्रोन हमलों और ब्लैक सी में कमजोर होती नौवहन की स्वतंत्रता को लेकर यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा ने दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्री चो ह्यून से बातचीत की। सिबिहा ने कहा कि रूस-उत्तर कोरिया का बढ़ता सैन्य सहयोग यूरोप और इंडो-पैसिफिक की सुरक्षा को सीधे जोड़ता है, इसलिए जवाबी रणनीति भी ज्यादा समन्वित होनी चाहिए।

यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पोस्‍ट पर दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्री चो ह्यून से बातचीत की जानकारी साझा की।

सिबिहा ने बताया, मैंने दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्री चो ह्यून से बात की। मैंने उन्हें यूक्रेन के खिलाफ रूस की ओर से जारी हमलों की जानकारी दी। इसमें रूस के लगातार मिसाइल और ड्रोन हमले, साथ ही ब्लैक सी में नौवहन की स्वतंत्रता को कमजोर करने की उसकी कोशिशें शामिल हैं।

सिबिहा ने कहा क‍ि रूस का यूक्रेन के खिलाफ युद्ध सिर्फ यूरोप तक सीमित नहीं है। रूस और उत्तर कोरिया के बीच बढ़ता सैन्य सहयोग, जिसमें इस युद्ध में उत्तर कोरिया की भागीदारी भी शामिल है, यूरोप और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की सुरक्षा को सीधे तौर पर आपस में जोड़ता है। इसी वजह से हमारी प्रतिक्रिया और रणनीति भी पहले से ज्यादा समन्वित और मिलकर काम करने वाली होनी चाहिए।

उन्‍होंने कहा क‍ि दक्षिण कोरिया वैश्विक सुरक्षा को मजबूत करने, समुद्री मार्गों की स्वतंत्रता की रक्षा करने और क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर रूस तथा उत्तर कोरिया से पैदा होने वाली चुनौतियों का मुकाबला करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

सिबिहा ने बताया, हमने इस पर चर्चा की कि यूक्रेन और दक्षिण कोरिया इन साझा सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए कैसे और करीब से मिलकर काम कर सकते हैं तथा अपने द्विपक्षीय सहयोग को कैसे मजबूत बना सकते हैं। मैंने यूक्रेन को दी जा रही सहायता के लिए दक्षिण कोरिया का धन्यवाद किया। हम दक्षिण कोरिया के समर्थन की सराहना करते हैं और उम्मीद करते हैं कि हमारी साझा सुरक्षा हितों को और मजबूत तथा व्यावहारिक सहयोग में बदला जा सकेगा।

--आईएएनएस

एवाई/पीएम