टोगो के झंडे वाले तेल टैंकर 'ट्रेंड' पर ईरानी नौसेना का हमला, प्रत‍िबंध‍ित क्षेत्र से गुजरने का आरोप लगाया

ईरानी नौसेना ने तोगो के झंडे वाले तेल टैंकर को रोका, आरोप लगाया 'प्रतिबंधित क्षेत्र' से गुजरने का
टोगो

तेहरान, 18 सितंबर (आईएएनएस)। ईरान के इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की नौसेना ने शुक्रवार सुबह दावा क‍िया क‍ि उसने बीती रात एक तेल टैंकर पर हमला कर उसे रोक ल‍िया है। आईआरजीसी का कहना क‍ि यह टैंकर होर्मुज स्‍ट्रेट से कथित तौर पर 'गैरकानूनी' तरीके से गुजरने की कोशिश कर रहा था।

आईआरजीसी के आधिकारिक न्यूज आउटलेट सेपाह न्यूज पर जारी बयान में नौसेना ने कहा कि टोगो के झंडे वाला 'ट्रेंड' नाम का तेल टैंकर हमले के बाद आग की चपेट में आ गया और फिर उसे रोक दिया गया।

स‍िन्हुआ समाचार एजेंसी की जानकारी के अनुसार, आईआरजीसी के मुताबिक, यह जहाज अमेरिकी सेना के 'बहकावे और उकसावे' में आकर कथित तौर पर गैरकानूनी तरीके से स्‍ट्रेट पार करने की कोशिश कर रहा था। बयान में चेतावनी दी गई कि इस रास्ते से गैरकानूनी तरीके से गुजरने की कोशिश का नतीजा सिर्फ 'तबाही' होगा।

नौसेना ने कहा कि उसकी सेनाओं का होर्मुज स्‍ट्रेट पर अब भी मजबूती से नियंत्रण है और किसी भी 'हमलावर' को यहां से गुजरने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

ईरान ने 28 फरवरी को होर्मुज स्‍ट्रेट पर अपना नियंत्रण और कड़ा कर दिया था। ईरानी क्षेत्र पर इजरायल और अमेरिका के संयुक्त हमलों के बाद ईरान ने इजरायल और अमेरिका के जहाजों या उनसे जुड़े जहाजों के सुरक्षित आवागमन पर रोक लगा दी थी।

इससे पहले आईआरजीसी ने कहा था कि होर्मुज स्‍ट्रेट के दक्षिण में मौजूद 'प्रतिबंधित' रास्ते से गुजरने की कोशिश कर रहा एक बहुत बड़ा तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंगों से टकराने के बाद फट गया और उसमें आग लग गई।

सेपाह न्यूज पर जारी एक बयान में आईआरजीसी की नौसेना ने कहा कि 'एल गैया' नाम के इस टैंकर में लगी आग पर काबू पाने की कोशिशें नाकाम रहीं और पूरा जहाज आग की चपेट में आ गया।

नौसेना ने कहा कि इस महत्वपूर्ण समुद्री रास्ते में 'प्रत‍िबंध‍ित' रूट इस्तेमाल करने के खतरों को लेकर पहले ही चेतावनी दी गई थी। उसने इस बात पर जोर दिया कि होर्मुज स्‍ट्रेट अभी भी बंद है और ईरान की नौसेना के नियंत्रण में है।

होर्मुज स्‍ट्रेट में समुद्री यातायात की जिम्मेदारी संभालने वाली ईरान की पर्शियन गल्फ स्ट्रेट अथॉरिटी (पीजीएसए) ने बीमा कंपनियों और जहाजों की तकनीकी जांच एवं प्रमाणन करने वाली संस्थाओं को चेतावनी दी है कि वे उसकी अपडेट की गई 'नियम तोड़ने वाले' जहाजों की सूची में शामिल जहाजों को सेवाएं न दें।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर जारी एक पोस्ट में पीजीएसए ने कहा कि बीमा कंपनियों, प्रोटेक्शन एंड इंडेम्निटी इंश्योरेंस (पी एंड आई) क्लबों और जहाजों की जांच एवं प्रमाणन करने वाली संस्थाओं को चेतावनी दी जाती है कि वे इन जहाजों को सेवाएं देने से बचें, ताकि ऐसे जहाजों के साथ काम करने से होने वाले नतीजों से बचा जा सके।

--आईएएनएस

एवाई/एएस