Advertisement banner

ताशकंद में पीएम मोदी और राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के बीच वार्ता, भारत-उज्बेकिस्तान व्यापक रणनीतिक साझेदारी पर हुई चर्चा

ताशकंद

ताशकंद, 30 अगस्त (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ताशकंद में उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत की। इस चर्चा के दौरान दोनों नेताओं ने संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी में बदलने पर सहमति जताई।

बैठक में विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर, विदेश सचिव विक्रम मिस्री, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल, विदेश मंत्रालय के पश्चिम विभाग के सचिव सिबी जॉर्ज और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।

राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के दौरान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उज्बेकिस्तान में हुए सम्‍मान और स्‍वागत की तारीफ की। पीएम ने कहा, "कल आपने स्‍वाग में मैंने भोजन के दौरान जो अनुभव क‍िया उसमें आपका प्‍यार साफ द‍िखाई द‍िया। उसके लिए मैं विशेष रूप से आभार व्यक्त करता हूं।"

पीएम मोदी ने कहा, स्वादिष्ट भोजन के साथ-साथ, मुझे प्रतिभाशाली बच्चों का गाना और नृत्य भी देखने को मिला। ऐसा लग रहा था मानो आपने मेरे सामने ह‍िंदुस्‍तान ही खड़ा कर द‍िया हो। मुझे ऐसा लगा क‍ि मेरा गुजरात यहीं है।

इसके अलावा, आपने पूरे शहर को भारत के तिरंगे के रंगों से रंग द‍िया। इस दृश्य ने मेरे द‍िल को छू ल‍िया। यह सब दिखाता है क‍ि आप भारत को अपने दिल के करीब रखते हैं।

पीएम मोदी ने कहा, "दो द‍िन आप अपने स्वतंत्रता दिवस की 35वीं वर्षगांठ मनाने जा रहे हैं। मैं इस अवसर पर आपको और उज्बेकिस्तान के सभी लोगों को अग्रिम बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।"

खुशी का संयोग यह है क‍ि इस वर्ष हम अपनी रणनीतिक साझेदारी की 15वीं वर्षगांठ भी मना रहे हैं। मुझे खुशी है कि इस विशेष अवसर पर हम अपने संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी का दर्जा देने जा रहे हैं। हम इसके अंतर्गत ठोस लक्ष्य निर्धारित करके आगे बढ़ेंगे।

इससे पहले दिन में प्रधानमंत्री मोदी का ताशकंद में औपचारिक स्वागत समारोह आयोजित किया गया। राष्ट्रपति मिर्जियोयेव ने उनका स्वागत किया और दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से एक-दूसरे का अभिवादन किया।

उज्बेकिस्तान दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने 52 उज्बेक योग साधकों की भागीदारी वाले एक विशेष योग सत्र को भी देखा।

उन्होंने इस योग सत्र की झलकियां अपने 'एक्‍स' अकाउंट पर साझा करते हुए कहा, "नमस्ते, आप सभी ने आज बहुत शानदार योग प्रदर्शन किया है। यहां हर उम्र के लोग मौजूद हैं। उज्बेकिस्तान को योग से जोड़ने के लिए मैं अपने मित्र राष्ट्रपति का आभार व्यक्त करता हूं। आप सभी को बहुत-बहुत बधाई।"

वीडियो साझा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने 'एक्‍स' पर लिखा, "उज्बेकिस्तान को योग पसंद है!" इस योग सत्र ने उनकी यात्रा में एक खास सांस्कृतिक पहलू जोड़ा और यह दिखाया कि उज्बेकिस्तान में योग की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।

सत्र में शामिल प्रतिभागियों में योग फेडरेशन ऑफ उज्बेकिस्तान के छह सदस्य भी थे, जिन्होंने जून 2026 में अहमदाबाद में आयोजित पहली विश्व योगासन चैंपियनशिप में अपने देश का प्रतिनिधित्व किया था।

प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को दो दिवसीय यात्रा पर उज्बेकिस्तान पहुंचे थे। ताशकंद हवाई अड्डे पर मिले गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए उन्होंने राष्ट्रपति मिर्जियोयेव का धन्यवाद भी किया।

ताशकंद पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने 'एक्‍स' पर लिखा, "राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव ने ताशकंद में मेरा गर्मजोशी से स्वागत किया। उनके इस विशेष सम्मान के लिए मैं उनका आभारी हूं। यह मेरी उज्बेकिस्तान की चौथी यात्रा है, जो हमारे द्विपक्षीय संबंधों की गहराई और लगातार बढ़ती गति को दर्शाती है।"

उज्बेकिस्तान में भारतीय समुदाय ने भी प्रधानमंत्री मोदी का भव्य स्वागत किया। इस दौरान लोगों ने 'मोदी मोदी', 'वंदे मातरम्' और 'भारत माता की जय' के नारे लगाए।

प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय समुदाय के स्वागत पर खुशी जताते हुए 'एक्‍स' पोस्‍ट पर लिखा, "ताशकंद में भारतीय समुदाय के प्यार और स्नेह से अभिभूत हूं। हमारा प्रवासी समुदाय भारत और उज्बेकिस्तान के बीच एक जीवंत सेतु है, जो दोनों देशों की दोस्ती को और मजबूत बना रहा है।"

--आईएएनएस

एवाई/एएस