Advertisement banner

पहले आठ महीनों में हाईटेक उद्योग में निवेश 5.2 प्रतिशत बढ़ा

पहले आठ माह में हाईटेक क्षेत्र में निवेश में तेजी
पहले

बीजिंग, 15 सितंबर (आईएएनएस)। चीनी राज्य परिषद के सूचना कार्यालय ने एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया। इसमें चीनी राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो के एक अधिकारी ने बताया कि इस साल के पहले आठ महीनों में उच्च प्रौद्योगिकी उद्योग में निवेश पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 5.2 प्रतिशत बढ़ा है।

यह आंकड़ा दिखाता है कि नीतिगत समर्थन और बाजार की मांग, दोनों के चलते विभिन्न क्षेत्रों में उभरते और भविष्य के उद्योगों में निवेश तेजी से बढ़ रहा है। साथ ही, निवेश का रुख नए क्षेत्रों की ओर और अधिक स्पष्ट होता जा रहा है।

क्षेत्रवार देखें तो कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में मुख्य तकनीकों और उनके इस्तेमाल की मांग तेजी से बढ़ रही है। इससे कंपनियां संबंधित उद्योग श्रृंखलाओं में निवेश बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित हो रही हैं। इलेक्ट्रॉनिक विशेष सामग्री निर्माण उद्योग और एकीकृत सर्किट निर्माण उद्योग में निवेश क्रमशः 8.5 प्रतिशत और 12.0 प्रतिशत बढ़ा। वहीं, नई ऊर्जा वाहनों के तेजी से विकास और बाजार में ऊर्जा भंडारण की मजबूत मांग के चलते लिथियम-आयन बैटरी निर्माण उद्योग में निवेश 20.6 प्रतिशत बढ़ा।

इसके साथ ही, बड़े पैमाने पर उपकरणों के नवीनीकरण की नीति का असर भी लगातार देखने को मिल रहा है। कंपनियां उपकरणों के नवीनीकरण, तकनीकी बदलाव और उन्नयन की प्रक्रिया तेज कर रही हैं। पहले आठ महीनों में उपकरण खरीद में निवेश 9.3 प्रतिशत बढ़ा और कुल निवेश में इसका हिस्सा 19.5 प्रतिशत तक पहुंच गया।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

--आईएएनएस

एबीएम/