Advertisement banner

सीएमजी के उच्च गुणवत्ता वाले फिल्म-टीवी कार्यक्रमों का प्रसारण शुरू

बिश्केक

बीजिंग, 27 अगस्त (आईएएनएस)। चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग 2026 शांगहाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे और किर्गिस्तान की राजकीय यात्रा करेंगे। इसी मौके पर किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में चाइना मीडिया ग्रुप (सीएमजी) द्वारा तैयार उच्च गुणवत्ता वाली फिल्मों और टेलीविजन कार्यक्रमों का प्रसारण शुरू किया गया।

इनमें "राष्ट्रपति शी का पत्र" और "लाल अनार रेस्टोरेंट" समेत करीब 10 फिल्में और टीवी कार्यक्रम शामिल हैं। इनका प्रसारण किर्गिज राष्ट्रीय टेलीविजन और प्रसारण कंपनी समेत किर्गिस्तान के प्रमुख मीडिया चैनलों पर किया जाएगा।

इस अवसर पर आयोजित शुभारंभ समारोह में चीन और किर्गिस्तान के सरकारी अधिकारियों, मीडिया कर्मियों, विशेषज्ञों और विद्वानों समेत 100 से अधिक अतिथियों ने हिस्सा लिया। सीएमजी के महानिदेशक शन हाईश्योंग ने वीडियो संदेश के जरिए समारोह को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने कहा है कि चीन और किर्गिस्तान को मूलभूत सिद्धांतों को कायम रखते हुए नवाचार को बढ़ावा देना चाहिए, विकास की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए और व्यावहारिक सहयोग को और गहरा करना चाहिए। चाइना मीडिया ग्रुप और किर्गिज मीडिया द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित यह कार्यक्रम दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों के बीच बनी सहमति और एससीओ थ्येनचिन शिखर सम्मेलन के परिणामों को पूरी तरह लागू करने तथा चीन और किर्गिस्तान के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आपसी मित्रता को गहरा करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।

शन हाईश्योंग के अनुसार, इन उत्कृष्ट कार्यक्रमों के जरिए किर्गिज दर्शक राष्ट्रपति शी चिनफिंग के लोगों के बीच मित्रता और आपसी समझ को बढ़ावा देने के विचारों को बेहतर तरीके से समझ सकेंगे। साथ ही, इन कार्यक्रमों से उन्हें चीन की संस्कृति, ज्ञान और भावना के साथ नए युग में चीन की जीवंतता को भी करीब से समझने में मदद मिलेगी।

इस आयोजन में किर्गिज राष्ट्रीय टेलीविजन और प्रसारण कंपनी के महाप्रबंधक उलानबेक सादिएव ने कहा कि नए युग में व्यापक रणनीतिक साझेदारी के आधार पर किर्गिस्तान और चीन के संबंध लगातार नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहे हैं। इससे मीडिया के क्षेत्र में दोनों पक्षों के बीच सहयोग को और गहरा करने के व्यापक अवसर मिल रहे हैं।

उलानबेक सादिएव ने चीनी मीडिया संस्थानों के साथ सहयोग को महत्व देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में दोनों पक्षों के बीच आदान-प्रदान तेजी से बढ़ा है, जिससे दोनों देशों के लोगों को एक-दूसरे के राष्ट्रीय परिदृश्य, सांस्कृतिक इतिहास और समकालीन विकास को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिली है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में उच्च गुणवत्ता वाली फिल्मों और टेलीविजन कार्यक्रमों के दोतरफा आदान-प्रदान को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही, समाचार रिपोर्टिंग और सामग्री निर्माण में दोनों पक्षों के बीच पेशेवर सहयोग को और गहरा किया जाएगा, ताकि दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी समझ और मित्रता को बढ़ावा मिले और आने वाली पीढ़ियों के लिए दोस्ती और मजबूत हो।

समारोह में मौजूद अतिथियों ने कहा कि इस बार प्रदर्शित की जा रही उच्च गुणवत्ता वाली फिल्मों और टेलीविजन कार्यक्रमों का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है। इन कार्यक्रमों से किर्गिस्तान के लोगों को सामाजिक विकास, सांस्कृतिक निरंतरता, लोगों के जीवन और तकनीकी नवाचार समेत कई पहलुओं से नए युग के चीन को समझने में मदद मिलेगी। साथ ही, वे चीन के आधुनिकीकरण की जीवंतता और लंबे समय से चली आ रही उत्कृष्ट पारंपरिक चीनी संस्कृति की गहराई को भी बेहतर ढंग से समझ सकेंगे।

बताया गया है कि किर्गिस्तान में चाइना मीडिया ग्रुप की उच्च गुणवत्ता वाली फिल्मों और टेलीविजन कार्यक्रमों का प्रसारण अक्टूबर के अंत तक जारी रहेगा।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

--आईएएनएस

एबीएम/