बीजिंग, 19 सितंबर (आईएएनएस)। चीनी पीपुल्स बैंक से मिली जानकारी के मुताबिक, चीन और लाओस के बीच सीमा-पार डिजिटल भुगतान की अंतर्संबंधता औपचारिक रूप से शुरू हो गई है।
यह चीन और लाओस के केंद्रीय बैंकों के बीच जून 2026 में हस्ताक्षरित ‘वित्तीय नवाचार, डिजिटल भुगतान और वैधानिक डिजिटल मुद्रा सहयोग को मजबूत करने संबंधी समझौता ज्ञापन’ के तहत हासिल की गई एक महत्वपूर्ण प्रगति है।
बारकोड भुगतान के क्षेत्र में, डिजिटल रनमिनबी (चीनी मुद्रा) अंतरराष्ट्रीय संचालन केंद्र द्वारा विकसित और संचालित डिजिटल रनमिनबी सीमा-पार निपटान समग्र सेवा मंच (सीबीईटीएस) ने लाओस के राष्ट्रीय भुगतान नेटवर्क (एलएपी-नेट) के साथ सीमा-पार प्रणाली कनेक्शन पूरा कर लिया है। इससे डिजिटल रनमिनबी और लाओस के स्थानीय बारकोड भुगतान सिस्टम के बीच सीमा-पार भुगतान की सुविधा उपलब्ध हो गई है।
इसके तहत, 2025 के अंत तक चीनी निवासी डिजिटल रनमिनबी वॉलेट के जरिए लाओस के स्थानीय वाणिज्यिक बैंकों से जुड़े कारोबारियों के यहां स्कैन-कोड से भुगतान कर सकेंगे। इसके साथ ही, चीन और लाओस दोनों पक्ष सुविधा को और बेहतर बनाने तथा इसके इस्तेमाल के दायरे का विस्तार करने पर काम कर रहे हैं, ताकि दोनों देशों के लोगों की आवाजाही और सांस्कृतिक एवं पर्यटन गतिविधियों के दौरान खरीदारी को और आसान बनाया जा सके।
वहीं, आर्थिक और व्यापारिक निपटान के क्षेत्र में भी दोनों देशों के बीच सहयोग आगे बढ़ रहा है। लाओस के कुछ स्थानीय बैंक सीबीईटीएस से जुड़ चुके हैं और उन्होंने सीबीईटीएस की नई व्यापार निपटान तथा निवेश-वित्तपोषण सेवा ‘डिजिटल रनमिनबी लिफ्ट’ (सीबीईटीएस लिफ्ट) शुरू कर दी है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/





