बीजिंग, 19 सितंबर (आईएएनएस)। चीनी राज्य परिषद के सूचना कार्यालय द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में वाणिज्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि चीन वस्तुओं के व्यापार में दुनिया का सबसे बड़ा देश है और वैश्विक व्यापार वृद्धि को गति देने में लगातार योगदान दे रहा है।
विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) द्वारा जुलाई में जारी पहली तिमाही के वैश्विक व्यापार आंकड़ों के अनुसार, चीन ने वैश्विक व्यापार वृद्धि में 2.1 प्रतिशत अंकों का योगदान दिया, जो कुल वैश्विक व्यापार वृद्धि का 20.3 प्रतिशत है।
इस अधिकारी ने कहा कि चीन के पास एक संपूर्ण औद्योगिक व्यवस्था और मजबूत सहायक उद्योग हैं। इसके चलते चीन विभिन्न देशों, खासकर विकासशील देशों को विनिर्माण उपकरण और अन्य औद्योगिक उत्पाद उपलब्ध करा रहा है। इससे इन देशों को अपनी वास्तविक अर्थव्यवस्था विकसित करने, औद्योगीकरण का स्तर बढ़ाने और वैश्विक औद्योगिक और आपूर्ति श्रृंखला से जुड़ने में महत्वपूर्ण मदद मिली है।
साथ ही, इससे वैश्विक औद्योगिक और आपूर्ति श्रृंखलाओं के स्थिर संचालन को भी समर्थन मिला है। वहीं, चीन ने आयात बढ़ाने के लिए ‘नीति और गतिविधियों’ के दोहरे तरीके को अपनाया है, जिससे उसके विशाल बाजार के अवसर दुनिया भर की कंपनियों तक पहुंचे हैं।
वाणिज्य सहायक मंत्री चांग ली ने कहा कि इस वर्ष जनवरी से अगस्त तक चीन के आयात में 22 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जो वर्ष 2021 के बाद सबसे तेज वृद्धि है। उन्होंने कहा कि पूरे वर्ष चीन का कुल आयात मूल्य नए उच्च स्तर पर पहुंचने की उम्मीद है।
उन्होंने आगे कहा कि बड़ी संख्या में उच्च गुणवत्ता वाले वैश्विक उत्पाद चीनी उपभोक्ता बाजार में प्रवेश कर रहे हैं और चीन की औद्योगिक तथा आपूर्ति श्रृंखला में शामिल हो रहे हैं। इससे विभिन्न देशों की कंपनियों को अधिक ऑर्डर मिल रहे हैं, उनके संबंधित उद्योगों के विकास को बढ़ावा मिल रहा है और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/





