नई दिल्ली: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा कि ब्रिटिश सरकार भगोड़े कारोबारी नीरव मोदी और विजय माल्या को मुकदमे की सुनवाई के लिए भारत वापस ले जाए जाने की पक्षधर है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ऐसे लोगों का स्वागत करना नहीं चाहती जो भारत में कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए ब्रिटेन की कानूनी व्यवस्था का इस्तेमाल करें। ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन ने कहा कि उनकी सरकार ने प्रत्यर्पण के आदेश दिए हैं, लेकिन कानूनी तकनीका खामियों के कारण मामला बेहद कठिन हो गया है।
नीरव मोदी और विजय माल्या के प्रत्यर्पण से जुड़े सवाल पर प्रेस कान्फ्रेंस में बोरिस जॉनसन ने कहा, ब्रिटिश सरकार चाहती है कि उन्हें वापस ले जाया जाए। वो ऐसे लोगों का स्वागत नहीं करना चाहती। जॉनसन ने कहा, हमने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है कि उन पर भारत में ट्रायल चलना चाहिए। शायद मुझे यह कहना चाहिए कि हम भारत से ऐसे लोगों का स्वागत करना चाहते हैं जो प्रतिभा और बुद्धिमता से भरे हैं।





