बुरुंडी और कजाकिस्तान के राष्ट्रपति से मिले पीएम मोदी, संबंधों को मजबूत करने पर हुई बात

बुरुंडी और कजाकिस्तान के राष्ट्रपति से मिले पीएम मोदी, संबंधों को मजबूत करने पर हुई बात

नई दिल्ली, 13 सितंबर (आईएएनएस)। 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का सफल समापन हो गया। इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों और मानिंदों से मुलाकात की। ऐसी ही दो खास मुलाकातों का जिक्र उन्होंने किया। जो बुरुंडी के राष्ट्रपति एवरिस्ट नदायिशिमिये और कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव के साथ हुई।

प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा, "ब्रिक्स समिट के दौरान बुरुंडी के राष्ट्रपति एवरिस्ट नदायिशिमिये से मिलकर खुशी हुई। मैंने अफ्रीकी संघ की अध्यक्षता संभालने पर बुरुंडी को बधाई दी। हमने विकास सहयोग, क्षमता निर्माण, युवाओं के कौशल विकास, और कृषि और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्रों में भारत-बुरुंडी संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की।"

वहीं, कजाकिस्तान के राष्ट्रपति से मिलने की खुशी जाहिर करते हुए कहा, " राष्ट्रपति के तौर पर भारत की अपनी पहली यात्रा के दौरान राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव से मिलकर खुशी हुई। हमने भारत-कजाकिस्तान रणनीतिक साझेदारी को नई गति देने पर बहुत सार्थक चर्चा की। हम व्यापार, निवेश, ऊर्जा, तकनीक, कनेक्टिविटी और इनोवेशन में सहयोग को गहरा करने की अपार संभावनाएं देखते हैं, साथ ही अपने करीबी सांस्कृतिक और लोगों के बीच के संबंधों को और मजबूत करना चाहते हैं।"

कजाकिस्तान के राष्ट्रपति से मुलाकात को लेकर विदेश मंत्रालय (एमईए) ने बयान भी जारी किया। एमईए के अनुसार, बैठक के दौरान पीएम मोदी ने कजाकिस्तान के साथ भारत के प्राचीन सभ्यतागत संबंधों को याद किया और हाल के वर्षों में भारत-कजाकिस्तान संबंधों के निरंतर विकास पर संतोष व्यक्त किया।

विदेश मंत्रालय ने कहा, "दोनों नेताओं ने राजनीतिक, व्यापार, रक्षा और सुरक्षा, कनेक्टिविटी, ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, उभरती प्रौद्योगिकियों, रचनात्मक अर्थव्यवस्था और लोगों से लोगों के संबंधों सहित कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की। उन्होंने क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय विकास पर दृष्टिकोण का भी आदान-प्रदान किया।"

भारत की अध्यक्षता में ब्रिक्स लीडर्स का दो दिवसीय ब्रिक्स शिकर सम्मेलन देश की राजधानी नई दिल्ली में सम्पन्न हुआ। भारत के लिए कूटनीतिक दृष्टि से काफी कामयाब माना जा रहा है। सबसे अहम शनिवार को समिट के दौरान नई दिल्ली डेक्लरेशन को मिली मंजूरी रही। इसमें कई मुद्दों पर साझा बयान जारी किया गया। डेक्लरेशन में रूस और चीन समेत ब्रिक्स देशों ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की। देशों ने कहा कि आतंकियों को पनाह देने वालों के खिलाफ मिलकर कार्रवाई की जाएगी।

--आईएएनएस

केआर/