अफगानिस्तान में ड्रग्स की तस्करी के शक में 60 लोग गिरफ्तार, 29 किलो नशीले पदार्थ जब्त

अफगानिस्तान में नशीले पदार्थों की तस्करी पर पुलिस का अभियान, 60 गिरफ्तार
अफगानिस्तान

काबुल, 20 सितंबर (आईएएनएस)। अफगानिस्तान की एंटी-नारकोटिक्स पुलिस ने देश के 12 प्रांतों में कार्रवाई करते हुए अवैध ड्रग्स के कारोबार में शामिल होने के संदेह में 60 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान 29 किलो नशीले पदार्थ भी जब्त किए गए। गृह मंत्रालय ने रविवार को एक बयान में यह जानकारी दी।

मंत्रालय के अनुसार, निमरोज, बल्ख, नंगरहार, कापिसा, लगमान, कुंदुज, समंगान, परवान, बदख्शां, खोस्त, पंजशीर और फराह प्रांतों तथा इनके आसपास के इलाकों में अलग-अलग अभियान चलाकर इन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, मंत्रालय ने बताया कि कार्रवाई के दौरान कई तरह के अवैध नशीले पदार्थ जब्त किए गए। मंत्रालय ने यह नहीं बताया कि कौन-कौन से नशीले पदार्थ बरामद हुए या गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान क्या है।

अफगानिस्तान के अधिकारी देशभर में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान तेज कर रहे हैं। इसके तहत ड्रग्स की तस्करी करने वालों, नशीली फसलों की खेती करने वालों और ड्रग्स बनाने वाले नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसका उद्देश्य देश में नशीले पदार्थों की अवैध अर्थव्यवस्था पर रोक लगाना है।

इससे पहले रविवार को ही अफगान पुलिस ने दक्षिणी उरुजगान प्रांत में ड्रग्स बनाने वाली एक गुप्त लैब का भंडाफोड़ किया था और वहां से 48 किलो क्रिस्टल मेथामफेटामाइन जब्त किया था। गृह मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी।

मंत्रालय के मुताबिक, सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने प्रांत के बाहरी इलाके में एक जगह पर छापा मारा। इस दौरान ड्रग्स बनाने वाली लैब को नष्ट कर दिया गया और वहां से नशीले पदार्थों की खेप बरामद की गई।

अलग-अलग कार्रवाइयों में एंटी-नारकोटिक्स यूनिट ने दक्षिणी हेलमंद और पूर्वी गजनी प्रांतों से ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाली 23,000 किलो अतिरिक्त सामग्री भी जब्त की।

मंत्रालय ने यह नहीं बताया कि इन छापों के सिलसिले में किसी को गिरफ्तार किया गया है या नहीं। हालांकि, मंत्रालय ने दोहराया कि पुलिस देश में कहीं भी अवैध नशीले पदार्थों के उत्पादन, कारोबार या तस्करी को बर्दाश्त नहीं करेगी।

इससे पहले 27 अगस्त को अफगान पुलिस ने उत्तरी तखार प्रांत में 2.5 टन से ज्यादा अवैध नशीले पदार्थों को जलाकर नष्ट कर दिया था। प्रांतीय पुलिस कार्यालय के प्रवक्ता नकीबुल्लाह मसरूर ने इसकी जानकारी दी थी।

पुलिस अधिकारी के अनुसार, नष्ट किए गए नशीले पदार्थों में 2,000 किलो अफीम, 335 किलो चरस और 200 किलो से ज्यादा मेथामफेटामाइन शामिल था। अधिकारी ने चेतावनी दी कि प्रांत में नशीले पदार्थों का उत्पादन या तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी