लखनऊ, 22 सितंबर (आईएएनएस)। एनएसयूआई यूपी के स्टेट जनरल सेक्रेटरी और गोरखपुर विश्वविद्यालय के छात्र नेता आदित्य शुक्ला की ओर से कांग्रेस स्टेट ऑफिस में एक पोस्टर लगाया गया है, जिसमें छात्रसंघ चुनाव के निलंबन को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा गया। आदित्य शुक्ला ने अपने इस पोस्टर को लेकर आईएएनएस से बातचीत की है।
आईएएनएस से बातचीत करते हुए आदित्य शुक्ला ने कहा, "हमारी ओर से एक पोस्टर लगाया गया है, जिसमें कहा गया है कि 'यूपी में छात्रसंघ पर ताला और दिल्ली में जीत पर माला' यह कैसा दोहरा व्यवहार है, यह सवाल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पूछा गया है। उत्तर प्रदेश में छात्रसंघ के चुनाव लंबे समय से बंद हैं, जब एबीवीपी दिल्ली के चुनावों में जीतती है तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से उनको बधाई दी जाती है। हालांकि सवाल यह है कि उत्तर प्रदेश में छात्रसंघ के चुनाव से क्यों डर लगता है?"
आदित्य शुक्ला ने कहा, "लाखों विद्यार्थियों का सवाल है कि आखिर यूपी में छात्रसंघ चुनाव बहाल क्यों नहीं हो रहे हैं? जेन-जी की ओर से भी मांग की जा रही है कि छात्र संघ चुनाव होने चाहिए। छात्र संघ चुनाव से बड़े-बड़े नेता निकलते हैं, ऐसे में छात्र राजनीति में आम छात्र क्यों नहीं आ सकता है? इसको बंद करके राजनीति को महंगा कर दिया गया है। पढ़े-लिखे लोग राजनीति में कैसे आएंगे।"
आदित्य शुक्ला ने कहा, "देश में 65 प्रतिशत युवाओं की आबादी है तो उनको नेतृत्व क्यों नहीं मिल रहा है? सवाल यह है कि जब हर क्षेत्र में युवाओं को इतना आगे किया जा रहा है तो राजनीति में उनको पीछे क्यों किया जा रहा है? हमारी स्पष्ट मांग है कि छात्रसंघ चुनाव बहाल करना चाहिए, जिससे छात्रों की लड़ाई लड़ रहे युवाओं को चुनाव लड़ने और आगे बढ़ने का मौका मिल सके।"
--आईएएनएस
एसडी/पीएम






