नई दिल्ली, 18 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जन्मदिन की शुभकामनाओं के लिए संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान को धन्यवाद दिया है। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के फोन और जन्मदिन की शुभकामनाओं के लिए मैं उनका आभारी हूं। हमने द्विपक्षीय व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और अधिक मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की और क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता को बढ़ावा देने के प्रयासों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।
वहीं, प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की तरफ से बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान का फोन आया। यूएई के राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री को उनके जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस दौरान दोनों नेताओं ने ऊर्जा, रक्षा, प्रौद्योगिकी, निवेश और स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में भारत-यूएई व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए नए उपायों पर चर्चा की।
पीएमओ ने बताया कि यूएई के राष्ट्रपति ने भारत की सफल ब्रिक्स अध्यक्षता के लिए प्रधानमंत्री को बधाई दी। प्रधानमंत्री ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में महामहिम क्राउन प्रिंस शेख खालिद की भागीदारी और भारत की अध्यक्षता में ठोस परिणाम प्राप्त करने में यूएई के सहयोग और साझेदारी की सराहना की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिन पर दुनिया भर के नेताओं और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुखों से शुभकामनाएं मिलीं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने डोमिनिका, इटली और भूटान के प्रधानमंत्रियों के साथ-साथ विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस को धन्यवाद दिया।
डोमिनिका के प्रधानमंत्री रूजवेल्ट स्केरिट की शुभकामनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए पीएम मोदी ने कहा, "प्रधानमंत्री स्केरिट, आपकी हार्दिक शुभकामनाओं और डोमिनिका की सरकार तथा वहां की जनता की सद्भावनाओं के लिए धन्यवाद। भारत हमारे घनिष्ठ मित्रतापूर्ण संबंधों को बहुत महत्व देता है।"
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को धन्यवाद देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "प्रधानमंत्री मेलोनी, आपकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। भारत-इटली विशेष रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए मैं हमारे घनिष्ठ सहयोग को आगे बढ़ाने का इच्छुक हूं।"
भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे के संदेश पर पीएम मोदी ने कहा, "प्रधानमंत्री टोबगे, आपकी शुभकामनाओं और स्नेहपूर्ण शब्दों के लिए धन्यवाद। मैं आपकी भावनाओं और शुभेच्छाओं की गहराई से सराहना करता हूं।"
--आईएएनएस
एमएस/पीएम






