नागपुर: महाराष्ट्र के नागपुर में 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता के बाद भारतीय सशस्त्र बलों के सम्मान में 'तिरंगा यात्रा' निकाली गई। इस तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी शामिल हुए।
मीडिया से बातचीत के दौरान सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि हम सभी जानते हैं कि ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना ने कितनी बहादुरी से काम किया है। देश भर के लोग भारतीय सेना के साथ मजबूती से खड़े हैं और प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प का पुरजोर समर्थन करते हैं। सेना के सम्मान में शहरों में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। शहरों के अलावा पंचायत में भी तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी क्योंकि पंचायत के लोग भी अपनी सेना को धन्यवाद करना चाहते हैं। मैं समझता हूं कि जिस प्रकार से इस तिरंगा यात्रा में आम लोगों ने भाग लिया और लोगों ने जो उत्साह दिखाया, वह हमें अभिभूत कर रहा है। तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों ने पीएम मोदी और सेना के प्रति अपना प्रेम दिखाया है।






