Advertisement banner

दिल्ली: मणिपुरी म्यूजिक टीचर की मौत पर पूर्व सीएम बीरेन सिंह ने जताया दुख

दिल्ली:

नई दिल्ली, 7 सितंबर (आईएएनएस)। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के किलोकरी गांव में मणिपुरी संगीत शिक्षक और प्रसिद्ध गिटारवादक चोंगथम विक्रम सिंह की मारपीट के बाद हुई मौत के मामले में मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

पूर्व सीएम बीरेन सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी अपने संदेश में कहा कि मणिपुरी गिटारवादक और पश्चिमी संगीत के अग्रदूत रहे विक्रम सिंह के निधन से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने कहा कि विक्रम सिंह का संगीत जगत में योगदान हमेशा याद रखा जाएगा और उनका असमय निधन परिवार, संगीत समुदाय तथा पूरे मणिपुर के लिए बड़ी क्षति है।

बीरेन सिंह ने कहा कि घटना से जुड़े तथ्य सामने आने लगे हैं, और वह दिल्ली पुलिस से आग्रह करते हैं कि मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ शीघ्र और उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके।

बाद में एक अन्य पोस्ट में उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस ने इस मामले में आठ संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री और दिल्ली पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिलेगा।

पुलिस के अनुसार, 54 वर्षीय चोंगथम विक्रम सिंह दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के आश्रम स्थित किलोकरी गांव में रहते थे। प्रारंभिक जांच में पता चला कि उन्होंने अपने घर के सामने कथित रूप से डिलीवरी बॉय और ढाबा कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे शोर-शराबे का विरोध किया था।

आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। इसके बाद उनके बेटे यैफाबा उन्हें उपचार के लिए होली फैमिली अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर सनलाइट कॉलोनी थाने की पुलिस ने जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने जांच के दौरान सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें कुछ नाबालिग भी शामिल बताए गए हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विक्रम सिंह को मणिपुर में एक प्रतिष्ठित संगीतकार और संगीत शिक्षक के रूप में जाना जाता था। उनके निधन की खबर के बाद मणिपुर के संगीत जगत और सामाजिक संगठनों में शोक की लहर है।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी