Tej Pratap Yadav Statement : ‘भारत से डरता है पाकिस्तान’, भारत-पाक मैच पर बोले तेजप्रताप यादव

तेज प्रताप यादव बोले, पाकिस्तान भारत से डरकर टी-20 विश्व कप में खेलने से रहा दूर
‘भारत से डरता है पाकिस्तान’, भारत-पाक मैच पर बोले तेजप्रताप यादव

पटना: टी-20 विश्व कप में भारत के साथ पाकिस्तान ने खेलने से इनकार कर दिया है। इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में बहस शुरू हो गई है। जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने कहा कि भारत से पाकिस्तान डर गया है।

पटना में आईएएनएस से बातचीत में तेजप्रताप यादव ने कहा कि पाकिस्तान ने खेलने से इसलिए मना किया है क्योंकि वह भारत से डरता है। हर कोई भारत से डरता है। यहां तक कि अमेरिका भी भारत से डरता है।

बिहार विधानसभा के बजट सत्र कोa लेकर तेजप्रताप यादव ने कहा कि अगर जनता का काम नहीं होगा तो विपक्ष सरकार को घेरने का काम करेगा। जनता का फिलहाल काम नहीं हो रहा है। अभिभाषण का स्वागत करते हुए राज्य सरकार से मांग करते हैं कि पलायन और रोजगार पर काम किया जाए।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के एसआईआर पर दिए बयान पर तेज प्रताप यादव ने कहा कि जो कोई भी एसआईआर पर लड़ रहा है, वह लड़ता रहे। इसका विरोध करना सही है या गलत, यह उन्हें कहना है। मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकता।

नीट छात्रा की मौत मामले पर तेज प्रताप यादव ने कहा कि सीबीआई जांच का आदेश बहुत पहले दे देना चाहिए था। अब तक सच्चाई साफ हो गई होती। जांच में बहुत देरी हुई है। हो सकता है कि परिवार पर सीबीआई जांच की मांग न करने का दबाव रहा हो। एक बार जांच शुरू होने के बाद, यह साफ हो जाएगा कि कौन जिम्मेदार है।

केंद्रीय बजट पर तेज प्रताप यादव ने कहा कि केंद्रीय बजट पेश किया गया है, इसलिए केंद्र सरकार ने इसे सोच-समझकर, कुछ फायदों को ध्यान में रखकर लाया होगा। जो भी कमियां हैं, उन्हें उन्हें दूर करना चाहिए।

मंत्री लखेंद्र पासवान के आरोप पर तेज प्रताप यादव ने कहा कि लखेंद्र पासवान की सोच फेल हो गई है। मेरे पिछले आवास में एयर कंडीशनर और पंखे मेरे अपने खर्च पर लगाए गए थे। वे मेरे सामान थे। अब वह इस पर आरोप लगा रहे हैं, जबकि यह मेरी संपत्ति है। वह ऐसे दावे करके बाजार में अपनी छवि चमकाने की कोशिश कर रहे हैं। उनके साथ दस लोग भी नहीं हैं।

--आईएएनएस

 

 

Related posts

Loading...

More from author

Loading...