पटना: पाकिस्तान की ओर से सीमापार गोलाबारी और भारतीय हवाई क्षेत्रों में किए जा रहे ड्रोन और मिसाइल हमलों का भारतीय सेना ने करारा जवाब दिया है। भारतीय सशस्त्र बलों ने शनिवार को पाकिस्तान के महत्पूर्ण सैन्य प्रतिष्ठानों का निशाना बनाया, जिसमें एयरबेस भी शामिल हैं। पाकिस्तान पर भारतीय सेना की इस कार्रवाई पर आरजेडी प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान पर जवाबी हमला कर उसकी कमर तोड़ दी है।
शनिवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि आज दुनिया भारतीय सेना के अप्रतिम और असाधारण पराक्रम को देख रही है और हर भारतीय को इस पर गर्व है। पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। भारत कभी भी पहले आक्रमण नहीं करता है, लेकिन पाकिस्तान नापाक हरकत कर रहा है, जिसका जवाब भारत की ओर से लगातार दिया जा रहा है। भारतीय सेना ने पाकिस्तान की कमर तोड़ दी है, उनके कई एयरबेस नष्ट कर दिए गए हैं। फिर भी पाकिस्तान न तो सबक सीख रहा है और न ही अपनी हरकतों में सुधार कर रहा है। पाकिस्तान अपनी बर्बादी की पटकथा खुद लिख रहा है।
