Rekha Gupta Development : सीएम रेखा गुप्ता ने आरके पुरम में 100 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का शुभारंभ किया

आरके पुरम में 100 करोड़ के विकास कार्य शुरू, सड़कों से लेकर ओपन जिम तक होगा सुधार।
दिल्ली: सीएम रेखा गुप्ता ने आरके पुरम में 100 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का शुभारंभ किया

नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को राष्ट्रीय राजधानी के आरके पुरम विधानसभा क्षेत्र में 100 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने सड़कों और ओपन जिम जैसी सामुदायिक सुविधाओं में सुधार का वादा किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए लिखा कि आरके पुरम विधानसभा में आज करीब 100 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का शुभारंभ हुआ है। बीते 11 वर्षों तक दिल्ली के विकास पर ग्रहण लगा रहा, लेकिन पिछले 11 महीनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने दिल्ली के विकास को नई गति दी है।

उन्होंने आगे बताया कि क्षेत्र में इन विकास परियोजनाओं के शुभारंभ से सड़कों की मरम्मत एवं निर्माण कार्य, जर्जर चौपालों का जीर्णोद्धार, कम्युनिटी सेंटरों का नवीनीकरण, पार्कों का सौंदर्यीकरण, ओपन जिम उपकरणों की स्थापना और आवश्यक स्थानों पर चारदीवारी का निर्माण होगा। इस अवसर पर सांसद बांसुरी स्वराज, आरके पुरम से विधायक अनिल शर्मा, जिलाध्यक्ष रविन्द्र चौधरी, निगम पार्षद धर्मवीर सिंह एवं क्षेत्र के गणमान्यजन उपस्थित रहे।

शनिवार को मुख्यमंत्री ने शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र में तीन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जिनका उद्देश्य क्षेत्र में सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा, पोषण और बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने डब्ल्यूपी ब्लॉक, वीपी ब्लॉक (पीतमपुरा), और हैदरपुर में तीन नए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का उद्घाटन किया।

उन्होंने हैदरपुर बादली मोड़ मेट्रो स्टेशन के पास नेहरू कैंप में एक अटल कैंटीन का भी उद्घाटन किया।

बयान में आगे कहा गया है कि शालीमार बाग पश्चिम (बीबी ब्लॉक) में मीनाक्षी मंदिर रोड के निर्माण कार्य का औपचारिक शुभारंभ किया गया।

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर लोगों के घरों के पास मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा की सुविधा सुनिश्चित करेंगे।

--आईएएनएस

 

 

Related posts

Loading...

More from author

Loading...