Advertisement banner

रेजीनगर उपचुनाव से पहले हुमायूं कबीर ने पुलिस पर लगाए पक्षपात के आरोप

हुमायूं कबीर ने पुलिस पर लगाए पक्षपात के आरोप, उपचुनाव से पहल हाईकोर्ट में दाखिल करेंगे रिट पिटीशन
रेजीनगर

नई दिल्ली, 15 सितंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में मुर्शिदाबाद जिले की रेजीनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा के बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) अध्यक्ष और रेजीनगर के विधायक हुमायूं कबीर ने पुलिस प्रशासन पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि वह बुधवार को हाईकोर्ट में रिट पिटीशन दाखिल करेंगे।

हुमायूं कबीर ने एक हालिया गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगर कोई कानून या पुलिस व्यवस्था के खिलाफ काम करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई करना पुलिस का अधिकार है। इसलिए वह गिरफ्तारी के मामले पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।

हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि उपचुनाव की घोषणा के बाद प्रशासन और पुलिस उनके तथा उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं को निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि रेजीनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव घोषित होने के बाद सागरपाड़ा, रेजीनगर और बेलडांगा थाना क्षेत्रों में केवल उनके समर्थकों पर कार्रवाई की जा रही है, जबकि अन्य राजनीतिक दलों के खिलाफ कोई कदम नहीं उठाया जा रहा।

हुमायूं कबीर ने आरोप लगाया कि जिले के पुलिस अधीक्षक निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रहे हैं। भाजपा जो कह रही है, पुलिस उसी के अनुसार कार्रवाई कर रही है और सरकारी ताकत का इस्तेमाल लोगों पर दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों को शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव लड़ने और प्रचार करने का समान अधिकार होना चाहिए। इसी संदेश को वह चुनाव आयोग और देश की सभी राजनीतिक पार्टियों तक पहुंचाना चाहते हैं।

हुमायूं कबीर ने यह भी कहा कि वह इस मामले को लेकर बुधवार को हाईकोर्ट जाएंगे और अपनी रिट याचिका दायर करेंगे। उनका कहना है कि चुनाव लड़ना, प्रचार करना और मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लेना सभी नागरिकों का संवैधानिक अधिकार है।

भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने बिहार के बांकीपुर उपचुनाव का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि वहां भाजपा के वरिष्ठ नेता और कई बार विधायक रह चुके उम्मीदवार चुनाव हार गए थे। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि प्रशासनिक मशीनरी से चुनाव जिताए जा सकते हैं, तो भाजपा वहां क्यों हार गई।

कबीर ने कहा कि चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष होने चाहिए तथा किसी भी दल को प्रशासनिक दबाव के जरिए फायदा पहुंचाने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए।

--आईएएनएस

केके/वीसी