नई दिल्ली, 15 सितंबर (आईएएनएस)। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने मंगलवार को कहा कि ‘राष्ट्र सेवा के लिए लोक सेवा’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन का मूलमंत्र रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार प्रमुख के रूप में, लोक सेवा और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित उनका 25 वर्षों का सफर अभूतपूर्व रहा है। उनके दूरदर्शी नेतृत्व ने देश को एक नई दिशा और शक्ति प्रदान की है। आज, उनके द्वारा दिए गए सामूहिक संकल्प के फलस्वरूप, हम ‘2047 तक विकसित भारत’ के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश की प्रगतिशील यात्रा और प्रधानमंत्री मोदी के उत्कृष्ट नेतृत्व के लिए अपनी शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए, आइए 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन के शुभ अवसर पर शाम 6 से 7 बजे के बीच अपने-अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीपक’ प्रज्वलित करें और उनके दीर्घायु और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करते हुए उन्हें आशीर्वाद दें।
वहीं, भाजपा के वरिष्ठ नेता वीडी शर्मा ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवा के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा अभियानों का आयोजन किया जाएगा।
गांधीनगर में आईएएनएस से बातचीत में वीडी शर्मा ने बताया कि इन अभियानों के तहत वडनगर से वाराणसी तक ‘सेवा संकल्प यात्रा’ निकाली जाएगी। भारतीय जनता युवा मोर्चा और युवाओं के नेतृत्व में आयोजित होने वाली इस यात्रा की शुरुआत सेवा के संकल्प के साथ की जाएगी। वडनगर से शुरू होने वाली यात्रा में 200 से अधिक बाइक सवार सेवा यात्री शामिल होंगे। इन्हें 25-25 लोगों के समूह में बांटा जाएगा। उद्घाटन कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और कई केंद्रीय मंत्री शामिल होंगे। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प यात्रा’ 10 राज्यों के 193 जिलों, 773 तहसीलों और 1,159 गांवों से होकर गुजरेगी। युवाओं द्वारा निकाली जा रही यह बाइक रैली करीब 40 हजार किलोमीटर की दूरी तय करेगी।
--आईएएनएस
एमएस/







