रांची: रांची के मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र में एक शख्स ने अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी। सोमवार आधी रात के बाद अंजाम दी गई इस वारदात की जानकारी मंगलवार सुबह सामने आई तो इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों शवों को बरामद किया है। आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
यह वारदात रांची से 60 किलोमीटर दूर धूप बस्ती की है। बताया गया है कि रवि लोहरा नामक शख्स यहां अपनी ससुराल में रहता था। देर रात किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद उसने 29 वर्षीय पत्नी रेणु देवी और दो बच्चों पर मसाला कूटने वाले सिलबट्टे से ताबड़तोड़ प्रहार किया। तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृत बच्चों के नाम आरुष कुमार (7) और आरोही कुमारी (4) हैं। एक साथ तीन लोगों की हत्या से पूरी बस्ती के लोग हतप्रभ हैं। बस्ती के लोगों ने ही पुलिस को इसकी जानकारी दी।
