Rahul Gandhi Remarks : 'बचकाना व्यवहार', राहुल गांधी की ओर से रवनीत सिंह बिट्टू को 'गद्दार' कहे जाने पर राजीव रंजन की प्रतिक्रिया

राजनीतिक विवाद: राहुल गांधी के ‘गद्दार’ बयान पर JDU और BJP ने विरोध जताया
'बचकाना व्यवहार', राहुल गांधी की ओर से रवनीत सिंह बिट्टू को 'गद्दार' कहे जाने पर राजीव रंजन की प्रतिक्रिया

नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को 'गद्दार' कहे जाने पर जनता दल (यूनाइटेड) के प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि 'गद्दार' जैसे शब्द संसद की भाषा का हिस्सा नहीं हो सकते।

राजीव रंजन प्रसाद ने आईएएनएस से कहा, "एलओपी के बचकाने व्यवहार की वजह से उनकी पार्टी बार-बार मुश्किल में पड़ती है और देर-सबेर उन्हें शर्मिंदगी महसूस करनी पड़ती है।"

इसी मुद्दे पर भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "लोकसभा में कांग्रेस के 99 सांसदों में से दो दर्जन से ज्यादा सांसद दल बदल चुके हैं। राहुल गांधी ने सिख समुदाय का अपमान किया है।"

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का सिखों के प्रति रवैया देश से छिपा नहीं है। रवनीत सिंह बिट्टू को गद्दार कहना बेहद चिंता की बात है। सिखों का इतिहास त्याग और बलिदान से भरा रहा है। ऐसे में किसी सिख नेता को गद्दार कहना पूरे सिख समुदाय का अपमान है।

वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लेकर भी जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने बयान दिया। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी चुनाव से पहले या बाद में जब चाहें दिल्ली आ सकती हैं, क्योंकि दिल्ली देश की राजधानी है। लेकिन एसआईआर के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यही हंगामा पहले बिहार में भी हुआ था। तेजस्वी यादव, राहुल गांधी का हाथ पकड़कर, बिहार में वोट फर्जीवाड़े के खिलाफ बड़ा अभियान चला रहे थे। लेकिन उसका नतीजा क्या हुआ? कुछ भी नहीं।

वहीं एसआईआर को लेकर भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने ममता बनर्जी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, "पश्चिम बंगाल से 50 लाख से ज्यादा वोटर्स हटाए गए हैं। ममता बनर्जी एसआईआर के खिलाफ खून-खराबा फैलाने का माहौल बना रही हैं।"

उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी एक ऐसा नैरेटिव गढ़ रही हैं ताकि अगर वह चुनाव हारें तो कह सकें कि उनके खिलाफ लंबे समय से साजिश चल रही थी।

--आईएएनएस

 

 

Related posts

Loading...

More from author

Loading...