Advertisement banner

आईटी डेस्टिनेशन के तौर पर उभर रहा पंजाब: सीएम भगवंत मान

आईटी

चंडीगढ़, 24 अगस्त (आईएएनएस)। पंजाब तेजी से एक बड़े आईटी डेस्टिनेशन के तौर पर उभर रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने नैसकॉम (नेशनल एसोसिएशन ऑफ सॉफ्टवेयर एंड सर्विसेज कंपनीज) के डेलिगेशन के साथ एक अहम बैठक के बाद कहा कि मोहाली आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डिजिटल इनोवेशन और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (जीसीसी) के लिए एक प्रमुख हब बनने जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ल्ड-क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर, कुशल टैलेंट पूल, कम बिजनेस लागत, 'इन्वेस्ट पंजाब' और 2026 की नई जीसीसी पॉलिसी टेक्नोलॉजी कंपनियों और नए निवेश के लिए एक मजबूत इकोसिस्टम बना रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पंजाब में और ज्यादा निवेश लाने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर ध्यान दे रही है।

बैठक के दौरान सीएम भगवंत मान ने कहा, "पंजाब टेक्नोलॉजी-आधारित बदलाव पर ध्यान केंद्रित कर रहा है और राज्य में अगली पीढ़ी के औद्योगिक निवेश को आकर्षित करने के लिए उभरते हुए टेक्नोलॉजी मॉडल्स का लाभ उठाना चाहता है। मैं नैसकॉम को मोहाली में अत्याधुनिक स्टार्टअप इनक्यूबेटर में पंजाब के साथ साझेदारी करने और राज्य के स्टार्टअप और इनोवेशन इकोसिस्टम को मजबूत करने में योगदान देने के लिए आमंत्रित करता हूं।"

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य ने पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (पीएयू), आईआईटी रोपड़ और केंद्रीय कृषि मंत्रालय को राज्य के कृषि क्षेत्र में एआई-आधारित समाधान लागू करने के लिए साथ लिया है। यह सहयोग स्मार्ट फार्मिंग मॉडल, प्रिसिजन एग्रीकल्चर टूल्स और प्रेडिक्टिव एनालिटिक्स को एकीकृत करने की दिशा में काम करेगा ताकि किसानों की पैदावार बढ़ाई जा सके और सस्टेनेबिलिटी को बढ़ावा दिया जा सके।

उन्होंने कहा कि मल्टीनेशनल कंपनियां पंजाब, खासकर मोहाली में निवेश करने में बहुत दिलचस्पी दिखा रही हैं।

सीएम मान ने कहा, "मोहाली वर्ल्ड-क्लास हवाई, रेल और सड़क कनेक्टिविटी, बेहतरीन मेडिकल सुविधाओं, उच्च-स्तरीय शिक्षण संस्थानों और जमीन की भरपूर उपलब्धता के साथ एक बेजोड़ इंफ्रास्ट्रक्चर मिक्स प्रदान करता है। ये खूबियां मोहाली को ग्लोबल कंपनियों और टेक्नोलॉजी-आधारित निवेश के लिए एक आकर्षक जगह बनाती हैं।"

मोहाली और उसके आसपास छह वर्ल्ड-क्लास यूनिवर्सिटीज हैं, जिससे ग्लोबल कंपनियों को कुशल टैलेंट पूल तक सीधी पहुंच मिलती है। उन्होंने कहा, "कुशल मानव संसाधन, गुणवत्तापूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी का यह संयोजन कंपनियों को अपने कामकाज को स्थापित करने और विस्तार करने के लिए एक मजबूत इकोसिस्टम प्रदान करता है।"

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी