प्रयागराज, 30 अगस्त (आईएएनएस)। यूपीपीएससी जीआईसी लेक्चरर मुख्य परीक्षा के लिए सभी केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रक्रिया का निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए उम्मीदवारों को गहन सुरक्षा जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया है। इस परीक्षा के माध्यम से कुल 1516 उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
आईएएनएस से बातचीत करते हुए अभ्यर्थी आशीष कुमार वर्मा ने कहा, "आज जीआईसी लेक्चरर की मुख्य परीक्षा हो रही है। तैयारी काफी अच्छी चल रही है। हम पिछले दो से ढाई साल से इसके लिए तैयारी कर रहे हैं। सरकार की ओर से काफी टाइट व्यवस्था की गई है। पुलिसकर्मी लगे हुए हैं।"
अभ्यर्थी बलजीत राम ने कहा, "जीआईसी की परीक्षा आयोजित की जा रही है। हम लोगों का विषय इतिहास है, इसलिए इतिहास की परीक्षा के लिए यहां सेंटर भेजा गया है। उन्होंने बताया कि देखा जा सकता है कि एसडीएम दौरे पर आए हैं, पुलिस की निगरानी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है।"
अभ्यर्थी शिवम मौर्या ने कहा कि व्यवस्था अच्छी की गई है। जैसे हर परीक्षा में होता है, वैसे ही इस परीक्षा में भी प्रतिबंध लगाए गए हैं। जरूरी कागज के अलावा बाकी चीजें बाहर ही रखवा दी जा रही हैं।
बता दें कि उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से जीआईसी लेक्चरर मुख्य परीक्षा का एडमिट कार्ड 21/22 अगस्त को जारी किया गया था। 1516 पदों में 777 पद पुरुष उम्मीदवारों के लिए और 694 पद महिला उम्मीदवारों के लिए आरक्षित किए गए हैं, जबकि लेक्चरर के लिए 43 पद और प्रिंसिपल के लिए कुल 2 पद आरक्षित हैं।
--आईएएनएस
एसडी/एएस







