Advertisement banner

भाजपा नेताओं का दावा-‘मन की बात’ से हर बार देशवासियों को कुछ नया सीखने को मिलता है

भाजपा

नई दिल्ली, 30 अगस्त (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 137वें एपिसोड के जरिए देशवासियों को संबोधित किया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे सकारात्मक और प्रेरणादायक कार्यों को सामने लाते हैं।

दिल्ली भाजपा चीफ हर्ष मल्होत्रा ​​ने कहा कि प्रधानमंत्री की सबसे बड़ी खूबी और 'मन की बात' की पहचान यही है कि वे देश के दूर-दराज इलाकों में हो रही छोटी-छोटी और जमीनी स्तर की घटनाओं के बारे में बात करते हैं। आज उन्होंने नशे से मुक्त जीवन के बारे में बात की। आज यह एक बड़ी चिंता का विषय है; अगर हमारे युवा इस रास्ते पर जा रहे हैं, तो पूरे समाज का यह फर्ज है कि वह आगे आए और इसे रोके। इसके साथ ही, अगर आप पीएम स्वनिधि योजना को देखें, तो यह एक छोटी योजना है, लेकिन यह हमारे रेहड़ी-पटरी वालों और छोटे स्टॉल मालिकों को 10,000, 20,000 या 50,000 रुपए की मदद देती है।

केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर महीने के आखिरी रविवार को सुबह 11:00 बजे से 11:30 बजे तक 'मन की बात' के जरिए देश को संबोधित करते हैं। आज, देश भर के लोगों के साथ-साथ सीए और सीएस भी सूरत में भारतीय जनता पार्टी के दफ़्तर में इस कार्यक्रम को एक साथ सुनने के लिए इकट्ठा हुए। प्रधानमंत्री मोदी ने देश को समृद्ध, स्वच्छ और सुरक्षित बनाया है। उन्होंने युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों समेत सभी क्षेत्रों के लोगों के लिए काम किया है और हर वर्ग के लोगों को फायदा पहुंचाया है।

यूपी भाजपा चीफ पंकज चौधरी ने कहा कि 'मन की बात' के जरिए प्रधानमंत्री कहीं न कहीं युवाओं, किसानों और देश के लिए अच्छा काम करने वाले सभी लोगों का हौसला बढ़ाते हैं, ताकि उन्हें देखकर देश के दूसरे लोगों में भी जागरूकता आए और वे भी उस दिशा में आगे बढ़ें।

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि देश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायक 'मन की बात' कार्यक्रम का 137वां एपिसोड सुना। प्रधानमंत्री ने देश को उन चीजों के बारे में बताया जो समाज में अच्छा काम कर रही हैं। प्रधानमंत्री ने एवोकाडो के बारे में बहुत विस्तार से बात की! मैं रोज एवोकाडो खाता हूं। यह एक ऐसा फल है जिसे सलाद के तौर पर और ब्रेड के साथ खाया जाता है। पहले इसे विदेशों में उगाया जाता था। आज देश के किसान एवोकाडो उगा रहे हैं और लोग इसे घर पर सलाद और टोस्ट के साथ खा रहे हैं। यह विटामिन से भरपूर फल है। हमने उन प्रेरणादायक बातों को सुना, और हमें भी प्रेरणा और ऊर्जा मिली।

भाजपा नेता वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि हर बार प्रधानमंत्री के कार्यक्रम 'मन की बात' से कुछ नया सीखने को मिलता है। जैसे, आज उन्होंने रिसर्च करने वाले शोधकर्ताओं के बारे में इतिहास से एक उदाहरण दिया। उन्होंने चोल वंश के बारे में बात की, लेकिन हेमू के बारे में उन्होंने जो जानकारी दी, उसके बारे में हमें कोई अंदाजा नहीं था कि उन्होंने 23 लड़ाइयों में से 22 जीती थीं। इसी तरह, उन्होंने ओडिशा की जानी-मानी हस्तियों के बारे में भी बात की। इस कार्यक्रम के जरिए इतना कुछ सीखने को मिलता है जो पूरे देश, युवाओं और समाज को एक संदेश देता है।

भाजपा नेता प्रदीप भंडारी ने कहा कि रेडियो पर प्रसारित होने वाला यह कार्यक्रम देश के 140 करोड़ नागरिकों और देश के युवाओं के मन की बात है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस वेबसाइट का जिक्र किया, उसे देश के लोगों ने ही शुरू किया था ताकि हम अपने इतिहास के बारे में जान सकें। इसी तरह, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आम लोगों की कोशिशों को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाते हैं। इससे साफ़ पता चलता है कि प्रधानमंत्री की सोच के केंद्र में देश का विकास है।

पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी ने कहा कि आज के जेन जी को यह भी नहीं पता कि 2014 से पहले भारत कैसा था। उन्हें गुमराह करने की कोशिश की जा रही है, तो ये सभी चीजें 2014 के बाद ही सामने आईं। आज पीएम किसान सम्मान निधि के जरिए 11 करोड़ किसानों को पैसे दिए जा रहे हैं। 81 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज दिया जा रहा है, जिसकी शुरुआत 2014 के बाद हुई। हमारे देश में पहले एमबीबीएस की सिर्फ 49,000 सीटें हुआ करती थीं। बच्चे एमबीबीएस डॉक्टर कैसे बनते। 12 सालों में मोदी ने कॉलेजों और यूनिवर्सिटीज की संख्या बढ़ाई है और आज एमबीबीएस की 1.52 लाख सीटें हैं, ताकि बच्चे बड़े होकर एमबीबीएस डॉक्टर और इंजीनियर बन सकें।

भाजपा विधायक देवेंद्र अत्री ने कहा कि हर बार नई ऊर्जा मन की बात कार्यक्रम से मिलती है। विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए हम लोग आगे बढ़ रहे हैं, पीएम मोदी ने स्वच्छता से लेकर नशा अभियान को लेकर कहा। मैं विश्वास दिलाता हूं कि विकसित भारत 2047 का लक्ष्य पूरा करेंगे, हरियाणा भी विकसित होगा, इसमें मेरी विधानसभा का भी अहम रोल है।

--आईएएनएस

डीकेएम/डीएससी