अंबाला: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से रविवार को रेडियो पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 122वें एपिसोड पर हरियाणा सरकार में मंत्री अनिल विज ने कहा कि पीएम मोदी इस कार्यक्रम में सिर्फ अपने मन की नहीं बल्कि देशवासियों के मन की बात करते हैं।
रविवार को मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, "पीएम मोदी पहले देश के प्रधानमंत्री हैं जो अपने मन की बात लोगों के साथ करते हैं। वर्तमान में जो ताजा मुद्दा होता है उससे देशवासियों को रूबरू करवाते हैं। आज उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के बारे में बताया। जिस वीरता के साथ सैनिकों ने इस युद्ध में पराक्रम दिखाया, वह काबिले तारीफ है। इसके अलावा, नक्सली मूवमेंट, पर्यावरण संरक्षण, गुजरात के गिर में शेरों के संरक्षण और संख्या पर उन्होंने विस्तार से बात की। इसके अलावा उन्होंने ड्रोन दीदी से लाभ उठा रही महिलाओं के बारे में जिक्र किया। पीएम मोदी मन की बात कार्यक्रम में इन चीजों को इसलिए उठाते हैं ताकि अन्य लोग भी इससे प्रेरित हो। विकसित राष्ट्र के लिए पीएम मोदी काम कर रहे हैं।
